Ranchi News: राजधानी रांची में डेंगू का खतरा बढ़ने की आशंका के बीच स्वास्थ्य विभाग ने सात वार्डों में विशेष सर्विलांस अभियान चलाया. टीमों ने घर-घर पहुंचकर लोगों की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली और डेंगू फैलाने वाले मच्छरों के लार्वा की तलाश की. जांच के दौरान कई घरों और पानी से भरे बर्तनों में लार्वा मिलने के बाद विभाग ने लोगों से अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है.
स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने वार्ड संख्या 5, 16, 21, 22, 23, 27 और 28 में अभियान चलाया. इस दौरान बुखार से पीड़ित लोगों का विवरण जुटाया गया और संभावित डेंगू मरीजों की पहचान का प्रयास किया गया. वार्ड 21, 22 और 23 में 76 घरों का निरीक्षण किया गया. इनमें 16 घरों में डेंगू का लार्वा मिला. वहीं पानी जमा करने वाले 25 बर्तनों में भी लार्वा पाया गया.
दूसरी ओर वार्ड 5, 16, 27 और 28 में 90 घरों की जांच की गई. यहां 13 घरों और 13 पानी के बर्तनों में डेंगू का लार्वा मिला. पूरे अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग ने 166 घरों और 1,246 पानी रखने वाले बर्तनों की जांच की. इनमें 29 घर और 38 बर्तन ऐसे मिले, जहां डेंगू फैलाने वाले मच्छरों का लार्वा मौजूद था.
जांच के बाद स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित इलाकों के लोगों को जागरूक किया. विभाग ने सलाह दी कि घरों के आसपास पानी जमा न होने दें, कूलर, टंकी, गमले और अन्य जलपात्रों की नियमित सफाई करें, ताकि मच्छरों के पनपने पर रोक लगाई जा सके.