Jamshedpur News : साकची के मोहम्मडन लाइन निवासी रफीक उर्फ रिंकू ने चाईबासा के बड़ा बाजार निवासी जहांगीर आलम पर दोस्ताना कर्ज लौटाने में आनाकानी और धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। मामले को लेकर रफीक के बिजनेस पार्टनर मोहम्मद खालिद ने मीडिया से बातचीत कर अपनी बात रखी।
तीन महीने पहले दिए थे 5.60 लाख रुपये
मोहम्मद खालिद के अनुसार, करीब तीन महीने पहले जहांगीर आलम ने दोस्ताना संबंधों के आधार पर उनसे 5.60 लाख रुपये उधार लिए थे। सुरक्षा के तौर पर जहांगीर ने 5.60 लाख रुपये का एक ब्लैंक चेक भी दिया था।
पैसे मांगने पर शुरू हुआ विवाद
रफीक का आरोप है कि तय समय बीतने के बाद जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो जहांगीर ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि बाद में जहांगीर ने कथित तौर पर कहा कि जब तक पूरी राशि वापस नहीं हो जाती, तब तक उनकी कार और मोबाइल फोन को गिरवी के रूप में अपने पास रख लें।
चेक बाउंस होने का भी आरोप,
रफीक का कहना है कि बाद में जहांगीर आलम ने पलटकर उनके खिलाफ थाने में कार और मोबाइल छीनने का मामला दर्ज करा दिया। वहीं, जब रफीक ने अपने पास मौजूद चेक बैंक में जमा किया तो वह बाउंस हो गया। रफीक उर्फ रिंकू ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है। फिलहाल यह मामला दोनों पक्षों के बीच वित्तीय लेन-देन और आरोप-प्रत्यारोप से जुड़ा है। मामले की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
नोट: यह खबर शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। मामले में पुलिस जांच जारी है और दूसरे पक्ष का पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।