Palamu Crime News: पलामू जिले में अवैध हथियार और मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पिपराटांड़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने दो अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर चार लोगों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से एक लोडेड देसी कट्टा, जिंदा कारतूस, एक किलो से ज्यादा गांजा, 17,600 रुपये नकद और दो पल्सर बाइक बरामद हुई हैं.
बाइक की डिक्की से मिला देसी कट्टा
एसडीपीओ प्रशांत कुमार-2 ने प्रेस वार्ता में बताया कि पहली कार्रवाई बहेरा बाजार में की गई. पुलिस को सूचना मिली थी कि एक बाइक में अवैध हथियार रखा गया है. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नीलेश कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर पल्सर बाइक (JH19C 9296) की तलाशी ली.
जांच के दौरान बाइक की डिक्की से एक लोडेड देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद हुआ. इसके बाद पुलिस ने नौडीहा निवासी गुड्डू साईं और कयूम साईं को गिरफ्तार कर लिया.
एक किलो से ज्यादा गांजा और नकदी बरामद
दूसरी कार्रवाई टुनुदाग गांव के पास की गई. यहां पुलिस ने पल्सर बाइक (JH02 AQ 1409) को रोककर जांच की. तलाशी के दौरान दोनों युवकों के पास से 1.020 किलोग्राम गांजा और 17,600 रुपये नकद बरामद हुए. पुलिस का कहना है कि यह रकम गांजा बेचकर जुटाई गई थी.
इस मामले में देवेंद्र सिंह उर्फ टुनु सिंह और चंदन सिंह को गिरफ्तार किया गया.
चारों आरोपी भेजे गए जेल
पिपराटांड़ थाना पुलिस ने दोनों मामलों में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर ली है. सभी चार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध हथियार और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा