Ranchi News : रांची रेल मंडल जल्द ही अत्याधुनिक तकनीक से लैस केंद्रीकृत कंट्रोल सेंटर से जुड़ने जा रहा है। रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित, तेज और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से मंडल मुख्यालय स्थित डीआरएम कार्यालय परिसर में करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सेंट्रलाइज कंट्रोल रूम का निर्माण किया जाएगा। इसके शुरू होने के बाद मंडल में संचालित सभी ट्रेनों की गतिविधियों की निगरानी एक ही स्थान से की जा सकेगी।
प्रस्तावित कंट्रोल रूम में विशाल वीडियो वॉल, डिजिटल मॉनिटर और आधुनिक संचार प्रणाली स्थापित की जाएगी। इन स्क्रीन पर ट्रेनों की रियल टाइम स्थिति, गति, समयपालन, सिग्नलिंग और परिचालन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां लगातार उपलब्ध रहेंगी। इससे किसी भी तकनीकी खराबी, परिचालन बाधा या ट्रेन के विलंब की स्थिति में अधिकारी तत्काल निर्णय लेकर आवश्यक कार्रवाई कर सकेंगे।
जीपीएस और सिग्नलिंग नेटवर्क से जुड़ेगा सिस्टम, बेहतर होगा परिचालन
नई प्रणाली को जीपीएस, सिग्नलिंग नेटवर्क और रेलवे कंट्रोल सिस्टम से जोड़ा जाएगा। इसके माध्यम से कंट्रोलर प्रत्येक ट्रेन की लोकेशन, गति और परिचालन की स्थिति पर लगातार नजर रखेंगे। आवश्यकता के अनुसार ट्रेनों की प्राथमिकता तय करने, क्रॉसिंग की योजना बनाने और रेल संचालन को सुचारु बनाए रखने का कार्य भी इसी केंद्र से किया जाएगा।
स्टेशन मास्टर, लोको पायलट, गार्ड, सिग्नल और इंजीनियरिंग शाखा सहित रेलवे के विभिन्न विभागों के बीच समन्वय भी इसी कंट्रोल सेंटर के माध्यम से होगा। किसी भी तकनीकी समस्या या आपात सूचना मिलने पर संबंधित टीम को तुरंत मौके पर भेजा जा सकेगा।
डिजास्टर कंट्रोल सेंटर भी होगा स्थापित, यात्रियों को मिलेगी समय पर जानकारी
परियोजना के तहत ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन, रेलवे ट्रैक और सिग्नलिंग व्यवस्था की निगरानी के लिए भी विशेष तकनीकी व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा एक आधुनिक डिजास्टर कंट्रोल सेंटर स्थापित किया जाएगा, जो रेल दुर्घटना, प्राकृतिक आपदा या अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों का मुख्य संचालन केंद्र होगा। यहां से मेडिकल, इंजीनियरिंग, रेलवे सुरक्षा बल और अन्य विभागों के बीच त्वरित समन्वय स्थापित किया जाएगा।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद ट्रेन विलंब, रद्द होने या मार्ग परिवर्तन जैसी सूचनाएं तत्काल संबंधित स्टेशनों और यात्री सूचना प्रणाली तक पहुंचाई जाएंगी, जिससे यात्रियों को समय पर सटीक और अद्यतन जानकारी मिल सकेगी।