L Khiangte CID Questioning: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की 14वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा समेत अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच लगातार तेज होती जा रही है. इसी कड़ी में सोमवार को JPSC के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व मुख्य सचिव एल. खियांग्ते एक बार फिर पूछताछ के लिए CID मुख्यालय पहुंचे. जांच एजेंसी उनसे चौथी बार पूछताछ कर रही है.
पहले की पूछताछ में मिले इनपुट पर नए सवाल
सूत्रों के अनुसार, CID इस बार पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों से हुई पूछताछ, जब्त दस्तावेजों, OMR शीट, डिजिटल साक्ष्यों और परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े रिकॉर्ड के आधार पर एल. खियांग्ते से सवाल-जवाब कर रही है. जांच का फोकस परीक्षा संचालन, डेटा प्रोसेसिंग एजेंसी के चयन, OMR शीट की प्रक्रिया और आयोग के प्रशासनिक निर्णयों पर है.
पहले भी कई घंटे चली थी पूछताछ
इससे पहले भी CID एल. खियांग्ते से कई दौर की पूछताछ कर चुकी है. एक चरण में उनसे करीब 8 से 9 घंटे तक लगातार सवाल पूछे गए थे. जांच एजेंसी का मानना है कि अब तक मिले साक्ष्यों के बाद कई नए बिंदु सामने आए हैं, जिन पर स्पष्टीकरण जरूरी है.
छापेमारी के बाद दिया था इस्तीफा
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले CID ने एल. खियांग्ते के सरकारी आवास, JPSC कार्यालय और अन्य स्थानों पर छापेमारी की थी. इसके बाद उन्होंने JPSC अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था. उस समय उन्होंने कहा था कि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने स्वेच्छा से पद छोड़ा है और वे जांच एजेंसी को पूरा सहयोग देंगे.
JPSC परीक्षा अनियमितता मामले में अब तक परीक्षा से जुड़े कई लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. CID पूरे मामले में भर्ती प्रक्रिया, OMR शीट, परीक्षा संचालन और एजेंसियों की भूमिका की गहराई से जांच कर रही है.