JPSC CID Raid: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) परीक्षा में कथित गड़बड़ी की जांच लगातार तेज होती जा रही है. सोमवार को CID ने राज्य के कई जिलों में एक साथ छापेमारी कर जांच का दायरा और बढ़ा दिया. रांची, बोकारो और पलामू में अलग-अलग टीमों ने कई ठिकानों पर पहुंचकर दस्तावेजों की जांच की और जरूरी साक्ष्य जुटाए.
बोकारो में पूर्व JPSC सदस्य के आवास की जांच
CID की एक टीम बोकारो सेक्टर-3 स्थित पूर्व JPSC सदस्य सनात प्रकाश के सरकारी आवास पहुंची. जानकारी के अनुसार, यह आवास करीब एक साल से खाली पड़ा है. इसके बावजूद अधिकारियों ने पूरे परिसर का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर जानकारी जुटाई.
पलामू में तीन जगहों पर चली कार्रवाई
पलामू में CID ने एक साथ तीन स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया. टीम ने मेदिनीनगर के हनुमान नगर निवासी शिक्षक रविशंकर कुमार के घर, शिक्षक संतोष कुमार सिंह के बीएस कॉलेज स्थित आवास और नोडीहा बाजार स्थित उनके पैतृक घर की जांच की.
पलामू पुलिस की मौजूदगी में घरों के कमरों, अलमारियों और दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल की गई. जांच के दौरान कुछ अहम कागजात भी जब्त किए गए. हालांकि, अधिकारियों ने बरामद दस्तावेजों के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी.
रांची में कोचिंग संस्थान भी जांच के घेरे में
राजधानी रांची में भी CID की टीम एक निजी कोचिंग संस्थान पहुंची. यहां दस्तावेजों की जांच की गई और संबंधित लोगों से पूछताछ की गई.
सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई परीक्षा माफिया अभय तिवारी से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर की जा रही है. अभय तिवारी को JPSC भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितता के मामले में पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है.
जांच जारी, और खुलासों की संभावना
CID फिलहाल परीक्षा से जुड़े दस्तावेज, संपर्क और अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है. एजेंसी ने छापेमारी को लेकर अभी कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है. हालांकि माना जा रहा है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं.