Seraikela: स्वतंत्रता दिवस-2026 के आयोजन को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। सोमवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गायारी ने समाहरणालय सभागार में बैठक कर विभिन्न विभागों के साथ तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में तय किया गया कि इस वर्ष जिले का मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह भगवान बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में आयोजित होगा। मुख्य समारोह में सुबह 9:10 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा।
13 अगस्त तक पूरी होंगी सभी तैयारियां
उपायुक्त ने संबंधित विभागों को समारोह स्थल और अन्य प्रमुख स्थानों पर साफ-सफाई, रंग-रोगन, मंच, पंडाल, ध्वनि एवं प्रकाश व्यवस्था, परेड अभ्यास तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। नगर निकायों को 13 अगस्त तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि 14 अगस्त की शाम नगर भवन में स्थानीय कलाकारों और विद्यार्थियों की प्रस्तुति के साथ सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा।
15 अगस्त को रहेगा ड्राई डे
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि स्वतंत्रता दिवस पर पूरे जिले में ड्राई डे रहेगा। इस दौरान शराब की सभी दुकानें बंद रहेंगी। साथ ही कसाईखाने तथा मांस और मछली की दुकानों को भी बंद रखने का आदेश दिया गया है। इस आदेश के पालन की जिम्मेदारी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचल अधिकारी और थाना प्रभारियों को सौंपी गई है।
तिरंगे की गरिमा बनाए रखने के निर्देश
बैठक में राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि बाजारों में केवल ध्वज संहिता के अनुरूप मानक आकार के तिरंगे की ही बिक्री सुनिश्चित कराई जाए। किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है। सभी सरकारी कार्यालयों में भी ध्वज संहिता के अनुरूप ध्वजारोहण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था रहेगी चाक-चौबंद
पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गायारी ने समारोह स्थल और अन्य ध्वजारोहण स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने और आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम करने को भी कहा। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सम्मानित किया जाएगा।
15 अगस्त का ध्वजारोहण कार्यक्रम
सुबह 8:15 बजे - उपायुक्त आवास
सुबह 8:40 बजे - पुलिस अधीक्षक कार्यालय
सुबह 9:10 बजे - भगवान बिरसा मुंडा स्टेडियम (मुख्य समारोह)
सुबह 10:15 बजे - समाहरणालय परिसर
सुबह 10:30 बजे - पुलिस अधीक्षक कार्यालय
सुबह 10:55 बजे - पुलिस लाइन, दुगनी
बैठक में अपर उपायुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, नगर आयुक्त, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।