Dhanbad News : पुलिस केंद्र सभागार में बुधवार से तीन दिवसीय कोयला क्षेत्रीय पुलिस ड्यूटी मीट-2026 का शुभारंभ हुआ। 5 से 7 अगस्त तक चलने वाले इस आयोजन का उद्घाटन बोकारो प्रक्षेत्र के आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने पौधारोपण भी किया। कार्यक्रम में धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी मो. एस. याकूब, डीएसपी प्रकाश सोय, डीएसपी साइबर प्रदीप साव, सीआईडी एवं एफएसएल के अधिकारी सहित जिले के विभिन्न थानों के पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे।
आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने कहा कि पुलिस ड्यूटी मीट जांच प्रणाली को अधिक वैज्ञानिक और प्रभावी बनाने का महत्वपूर्ण मंच है। इसमें फोटोग्राफी, वैज्ञानिक अपराध स्थल निरीक्षण, साक्ष्य संग्रह, पैकिंग, फॉरवर्डिंग समेत कई विषयों पर प्रतियोगिताएं और प्रशिक्षण आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि रेंज स्तर के विजेता राज्य स्तरीय पुलिस ड्यूटी मीट में भाग लेते हैं और वहां से चयनित प्रतिभागी राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचते हैं।
पासपोर्ट सत्यापन हुआ पूरी तरह डिजिटल, एसएसपी ने यातायात नियमों के पालन की अपील की
धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि तीन दिवसीय आयोजन पुलिस अधिकारियों और जवानों को आधुनिक जांच तकनीकों और वैज्ञानिक अनुसंधान पद्धतियों से जोड़ने का अवसर देगा। उन्होंने कहा कि संगठित अपराध से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पुलिस लगातार अपनी कार्यक्षमता बढ़ा रही है।
एसएसपी ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, रॉन्ग लेन में वाहन नहीं चलाने और सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने की अपील की। उन्होंने बताया कि गोविंदपुर फ्लाईओवर निर्माण के कारण फिलहाल यातायात प्रभावित है, लेकिन परियोजना पूरी होने के बाद लोगों को राहत मिलेगी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 1 अगस्त से धनबाद जिले में पासपोर्ट सत्यापन की प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल हो गई है, जिससे लंबित मामलों के निपटारे में तेजी आई है।