Ranchi: राजधानी रांची के राहे थाना क्षेत्र के पारमडीह टुंगरीटोला में 4 अगस्त को मिले अज्ञात शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। जांच के दौरान मृतक की पहचान सिल्ली थाना क्षेत्र के गोढ़ा गांव निवासी कंचन महतो के रूप में हुई। मामले की जांच के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया।
तीन आरोपियों को पुलिस ने दबोचा
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमन दास उर्फ रामदूत, फागु तेली और षष्टी कुमार दास के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया फरसा, एक मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया है।
विवाद के बाद हत्या का आरोप
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आर्थिक परेशानी के कारण लूटपाट की योजना बना रहे थे। इसी दौरान सभी लोग नशा कर रहे थे। उसी समय कंचन महतो वहां पहुंचा और किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद गुस्से में आकर आरोपियों ने फरसा से हमला कर कंचन महतो की हत्या कर दी और शव को वहां छोड़ दिया।
अन्य पहलुओं की जांच जारी
पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, घटना से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित कड़ियों की जांच अभी जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल सभी तथ्यों को सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है।