Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-09

Bihar News : मुजफ्फरपुर में बेकाबू स्कॉर्पियो ने 3 लोगों को रौंदा, BMP जवान की मौत, दरोगा और होटल संचालक घायल

Bihar News : बिहार के मुजफ्फरपुर में शनिवार रात तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने मोतीपुर थाना के पास दरोगा समेत तीन लोगों को रौंद दिया। हादसे में थाने में तैनात BMP जवान भार्गव भूषण की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दरोगा और एक होटल संचालक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने स्कॉर्पियो चालक को गिरफ्तार कर लिया है।


सब्जी खरीदने बाजार जा रहे थे जवान और दरोगा

जानकारी के अनुसार, BMP जवान और दरोगा सब्जी खरीदने के लिए मोतीपुर थाना से निकलकर बाजार की ओर जा रहे थे। जैसे ही दोनों थाना गेट से बाहर निकले, मोतिहारी की ओर से तेज रफ्तार में आ रही अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि BMP जवान भार्गव भूषण की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दरोगा गंभीर रूप से घायल हो गए।

होटल में घुसी स्कॉर्पियो, संचालक भी घायल

दरोगा और जवान को टक्कर मारने के बाद स्कॉर्पियो सड़क किनारे स्थित विनोद कुमार के होटल में जा घुसी। तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से होटल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और होटल संचालक विनोद कुमार भी इसकी चपेट में आ गए। इसके बाद स्कॉर्पियो सड़क किनारे गड्ढे में जाकर पलट गई।


पुलिस ने चालक को किया गिरफ्तार, घायलों को SKMCH किया गया रेफर

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। डीएसपी पश्चिमी-1 सुचित्रा कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है। वाहन चालक की पहचान रवि कुमार के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।

घायल दरोगा और होटल संचालक को तत्काल मोतीपुर पीएचसी में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें एसकेएमसीएच रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। कुछ समय तक सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में स्कॉर्पियो के तेज रफ्तार और अनियंत्रित होने की बात सामने आई है।

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !