Adityapur News : आदित्यपुर रेलवे स्टेशन के पास सोमवार सुबह करीब 7:20 बजे दर्दनाक हादसा हो गया। दूसरी ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी में दो युवकों ने ट्रेन से उतरने की कोशिश की, जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी आदित्यपुर आरपीएफ से मिली है।
आरपीएफ से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों युवक आदित्यपुर स्टेशन पहुंचने से पहले टाटा-छपरा ट्रेन से उतरने की कोशिश कर रहे थे। बताया जा रहा है कि उन्हें दूसरी ट्रेन पकड़नी थी। इसी जल्दबाजी में दोनों ने चलती ट्रेन से उतरने का प्रयास किया। इस दौरान संतुलन बिगड़ने से दोनों हादसे का शिकार हो गए।

हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
जयचंडी का रहने वाला था मृतक युवक
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक युवक जॉयचंडी का रहने वाला था और आदित्यपुर में अपने रिश्तेदार के यहां आया हुआ था। हादसे के बाद उसके परिवार और रिश्तेदारों को घटना की जानकारी दी जा रही है। मृतक की विस्तृत पहचान की प्रक्रिया पुलिस द्वारा की जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों युवक दूसरी ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी में आदित्यपुर स्टेशन से पहले ही ट्रेन से उतरने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ और रेल पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घायल युवक का इलाज जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।