Seraikela: JPSC और JSSC परीक्षा में कथित अनियमितता तथा छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा की ओर से मंगलवार को बुलाए गए राज्यव्यापी बंद का सरायकेला जिले में कोई खास असर देखने को नहीं मिला. जिला मुख्यालय से लेकर आदित्यपुर, गम्हरिया, चांडिल और कपाली तक सामान्य दिनों की तरह ही जनजीवन चलता रहा. बाजार खुले रहे, स्कूल-कॉलेज संचालित हुए और सड़कों पर वाहनों की आवाजाही भी जारी रही.
बाजार से लेकर परिवहन तक सब सामान्य
सुबह से ही सरायकेला के प्रमुख बाजारों में दुकानों के शटर खुले रहे. लोगों की रोजमर्रा की गतिविधियां भी सामान्य रूप से चलती रहीं. बस, ऑटो और अन्य वाहनों का परिचालन प्रभावित नहीं हुआ. सरकारी और निजी कार्यालयों में भी कामकाज सामान्य रहा. बैंक और पेट्रोल पंप खुले रहे, जिससे आम लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा. जिले के किसी भी प्रमुख इलाके से बंद समर्थकों द्वारा दुकानों को जबरन बंद कराने या सड़क जाम करने की सूचना सामने नहीं आई. प्रशासन की ओर से एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी गई थी. संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई.
कुछ जगह भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
बंद का व्यापक असर भले ही नहीं दिखा, लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं ने कुछ स्थानों पर सांकेतिक प्रदर्शन जरूर किया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की निंदा की. भाजपा नेताओं ने लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग भी उठाई.
छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में बुलाया गया था बंद
भाजपा का कहना है कि JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया. इसी कार्रवाई के विरोध में पार्टी ने मंगलवार को पूरे झारखंड में बंद का आह्वान किया था. पिछले दिनों परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्र आंदोलन कर रहे थे. प्रदर्शन के दौरान छात्रों और पुलिस के बीच टकराव की स्थिति बनी थी. इस दौरान कई छात्रों के घायल होने की बात सामने आई थी. इसी घटना को लेकर भाजपा ने सरकार के खिलाफ विरोध तेज करते हुए बंद का आह्वान किया था.