Dhanbad Coimbatore Amrit Bharat Express: झारखंड और दक्षिण भारत के बीच रेल यात्रियों के लिए बड़ी खबर है. रेलवे बोर्ड ने धनबाद-कोयंबटूर के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस चलाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. रेलवे बोर्ड की ओर से यह आदेश 10 अगस्त 2026 को जारी किया गया है. नई ट्रेन को 22363/22364 धनबाद-कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में चलाने की मंजूरी दी गई है.
शनिवार को धनबाद से रवाना होगी ट्रेन
रेलवे बोर्ड के आदेश के अनुसार ट्रेन संख्या 22363 धनबाद-कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस धनबाद से शनिवार शाम 4:10 बजे रवाना होगी। ट्रेन सोमवार शाम 6:30 बजे कोयंबटूर पहुंचेगी। वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 22364 कोयंबटूर-धनबाद अमृत भारत एक्सप्रेस गुरुवार दोपहर 1 बजे कोयंबटूर से चलेगी और मंगलवार सुबह 7:50 बजे धनबाद पहुंचेगी.
रास्ते में इन स्टेशनों पर ठहराव
ट्रेन का प्रस्तावित मार्ग धनबाद, न्यू वेस्ट केबिन, मानिकपुर, जूहीारपुर, बल्हारशाह, रेणिगुंटा और कोयंबटूर है. निर्धारित समय के अनुसार धनबाद से चलने के बाद ट्रेन न्यू वेस्ट केबिन में 23:21 बजे, मानिकपुर में 04:05 बजे, जूहीारपुर में 13:00 बजे, बल्हारशाह में 21:10/21:15 बजे और रेणिगुंटा में 10:40/10:50 बजे पहुंचेगी। वापसी में भी इन स्टेशनों पर निर्धारित ठहराव रहेगा.
कई बड़े स्टेशनों पर कॉमर्शियल स्टॉपेज
रेलवे ने ट्रेन के लिए कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर व्यावसायिक ठहराव भी निर्धारित किए हैं. इनमें एनएससी बोस जंक्शन गोमो, पारसनाथ, हजारीबाग रोड, कोडरमा, गया, अनुग्रह नारायण रोड, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, मिर्जापुर, प्रयागराज छिवकी, सतना, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, पिपरिया, इटारसी, बैतूल, नागपुर, चंद्रपुर, बल्हारशाह, सिरपुर कागजनगर, मंचेरियल, पेड्डापल्ली, वारंगल, महबूबाबाद, खम्मम, विजयवाड़ा, ओंगोल, नेल्लोर, गुडूर, रेणिगुंटा, तिरुत्तानी, काटपाडी, जोलारपेट्टई, सलेम, इरोड और तिरुप्पुर शामिल हैं.
शनिवार और मंगलवार को होगा संचालन
रेलवे बोर्ड के आदेश के मुताबिक धनबाद से चलने वाली ट्रेन का संचालन शनिवार और कोयंबटूर से लौटने वाली ट्रेन का संचालन मंगलवार निर्धारित किया गया है. ट्रेन के लिए प्राइमरी मेंटेनेंस धनबाद और सेकेंडरी मेंटेनेंस कोयंबटूर में होगा.
पानी भरने और सफाई के लिए स्टेशन तय
ट्रेन के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, जबलपुर, इटारसी, बल्हारशाह, विजयवाड़ा, रेणिगुंटा और जोलारपेट्टई को वाटरिंग स्टेशन बनाया गया है. वहीं पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, जबलपुर, इटारसी, विजयवाड़ा और रेणिगुंटा में कोच टर्निंग/सफाई से संबंधित व्यवस्था निर्धारित की गई है.
रेलवे बोर्ड ने कहा है कि इस ट्रेन का परिचालन जल्द से जल्द सुविधाजनक तिथि से शुरू किया जा सकता है. जरूरत पड़ने पर इसका उद्घाटन विशेष सेवा के रूप में भी किया जा सकता है. इसके बाद ट्रेन नियमित रूप से अपने निर्धारित लिंक के अनुसार चलेगी। इससे झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के बीच रेल संपर्क को मजबूती मिलने की उम्मीद है.