Bokaro News: बोकारो की जरीडीह थाना पुलिस ने जैना मोड़ इलाके में चल रहे एक बड़े ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए के रैकेट का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर तीन युवकों को धर दबोचा. ये तीनों आरोपी अलग-अलग प्रतिबंधित गेमिंग और सट्टा ऐप्स के जरिए लोगों को जोड़ते थे और आईडी मुहैया कराकर मोटा कमीशन ऐंठ रहे थे.
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
दरअसल, 12 अगस्त को बोकारो एसपी को जैना मोड़ स्थित एक कमरे में अवैध सट्टेबाजी संचालित होने की पक्की खबर मिली थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए जरीडीह थाना प्रभारी बिपिन चंद्र महतो के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई. टीम ने तुरंत बताए ठिकाने पर दबिश दी और मौके से तीनों आरोपियों को रंगे हाथ दबोच लिया.
मोबाइल और नकदी बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस को तीन एंड्रॉयड मोबाइल, एक आईफोन, 10,100 रुपये नकद और चार डेबिट कार्ड मिले. इसके साथ ही दो नोटबुक भी मिली. ये नोटबुक ग्राहकों से जुड़ी जानकारी रखती हैं.
कमीशन के जरिए कमाई का आरोप
पुलिस के मुताबिक, आरोपी लोग ऑनलाइन गेमिंग और सट्टा प्लेटफॉर्म पर लोगों को जोड़ते थे. इन लोगों के साथ लेनदेन करके कमीशन कमाया जाता था. पुलिस अब बरामद सामान और दस्तावेजों के आधार पर और लोगों की जांच कर रही है.
छापेमारी टीम में एसआई विकास कुमार विश्वकर्मा, संजीव कुमार, निर्मल कुमार सिंह, मथियस जॉन मुर्मू, हवलदार कुलदीप सिंह और अनस्ता बा शामिल रहे.