JPSC-JSSC Protest: झारखंड में JPSC और JSSC की परीक्षाओं को लेकर चल रहा विवाद अब न्यायिक प्रक्रिया तक पहुंच गया है. JPSC अभ्यर्थी बसंत कुमार ने झारखंड हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर कर दोनों आयोगों से जुड़ी परीक्षाओं की जांच की मांग की है. याचिका में परीक्षाओं में सामने आई कथित अनियमितताओं की जांच CBI या किसी अन्य स्वतंत्र जांच एजेंसी से कराने का आग्रह किया गया है. हालांकि, फिलहाल यह जनहित याचिका हाईकोर्ट में सुनवाई के लिए सूचीबद्ध नहीं हुई है.
JPSC-JSSC परीक्षाओं की जांच की मांग
बसंत कुमार की ओर से दाखिल याचिका में JPSC और JSSC से संबंधित परीक्षा प्रक्रिया की जांच कराने की मांग उठाई गई है. याचिकाकर्ता ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए केंद्रीय जांच एजेंसी या किसी स्वतंत्र एजेंसी को जिम्मेदारी सौंपने की मांग की है. अभी हाईकोर्ट की ओर से इस याचिका पर सुनवाई की तारीख तय नहीं हुई है. इसलिए मामले में अदालत की ओर से कोई आदेश सामने नहीं आया है.
सुप्रीम कोर्ट में भी दाखिल हो चुकी है PIL
इससे पहले सामाजिक कार्यकर्ता और राजनीतिक नेता हरिशरण देवगन भी JPSC-JSSC परीक्षाओं से जुड़े मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट का रुख कर चुके हैं. उन्होंने भी जनहित याचिका के माध्यम से मामले की जांच की मांग की है. इस तरह परीक्षा विवाद को लेकर अब सुप्रीम कोर्ट के साथ झारखंड हाईकोर्ट में भी याचिका दाखिल हो चुकी है.
जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जारी है छात्रों का आंदोलन
दूसरी ओर, रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में JPSC-JSSC परीक्षाओं को लेकर छात्रों के अलग-अलग संगठन और गुट लगातार आंदोलन कर रहे हैं. छात्रों के आंदोलन के बीच JPSC की संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2025 में कथित अनियमितताओं का मुद्दा भी लगातार उठाया जा रहा है. अब इस विवाद के अदालत तक पहुंचने के बाद आने वाले दिनों में न्यायिक प्रक्रिया पर भी नजर रहेगी.