Koderma Bus Accident: कोडरमा जिले में शुक्रवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया. सतगावां थाना क्षेत्र के पोखरडीहा मोड़ के पास नेपाल से आए कांवड़ श्रद्धालुओं की बस की ट्रक से सीधी टक्कर हो गई. हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 50 से अधिक श्रद्धालु घायल हुए हैं.
देवघर से लौट रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार, बस में नेपाल के रौतहट जिले के श्रद्धालु सवार थे. सभी देवघर और बासुकीनाथ में जलाभिषेक करने के बाद राजगीर की ओर लौट रहे थे. सुबह करीब 4 बजे पोखरडीहा मोड़ के पास सामने से आ रहे ट्रक से बस की जोरदार भिड़ंत हो गई.
बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त
टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह टूट गया. हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई और कई यात्री अंदर फंस गए.
12 साल के बच्चे समेत 3 की मौत
पुलिस ने तीन श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि की है. मृतकों में 12 वर्षीय शिवम कुमार भी शामिल है. अन्य दो मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है. कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है. हादसे की सूचना मिलते ही सतगावां थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई. स्थानीय ग्रामीण भी राहत कार्य में जुट गए. पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला.
सभी घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतगावां ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को सदर अस्पताल कोडरमा भेजा गया. डॉक्टरों की टीम लगातार घायलों का इलाज कर रही है.
प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य का जायजा लिया. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है. प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और कम दृश्यता को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है. हालांकि, वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा.