Jharkhand Police Promotion: नक्सलियों और संगठित अपराध के खिलाफ अभियान में बेहतर काम करने वाले झारखंड पुलिस के 37 कर्मियों को प्रमोशन मिला है. पुलिस मुख्यालय ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है. प्रमोशन पाने वालों में 12 दारोगा शामिल हैं. इन सभी को अब इंस्पेक्टर के पद पर पदोन्नत किया गया है. इसके अलावा एएसआई, हवलदार और आरक्षी स्तर के पुलिसकर्मियों को भी पदोन्नति दी गई है.
डीजीपी की अध्यक्षता में लिया गया फैसला
पुलिसकर्मियों की पदोन्नति का फैसला डीजीपी की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय समिति की बैठक में लिया गया. इसके बाद पुलिस महानिरीक्षक मानवाधिकार की ओर से प्रमोशन का आदेश जारी किया गया. इंस्पेक्टर बनने वाले पुलिस अधिकारियों में सुशील टुडू, प्रभात रंजन राय, फागू होरो, रामेश्वर भगत, सत्येंद्र कुमार सिंह, अर्जुन कुमार सिंह, शैलेंद्र कुमार सिंह, कुंदन कुमार, रौशन कुमार सिंह, विक्रांत कुमार, सदानंद सिंह और विश्वजीत कुमार सिंह शामिल हैं.
नक्सल और अपराध विरोधी अभियानों में किया बेहतर काम
प्रमोशन पाने वाले पुलिसकर्मियों ने अलग-अलग अभियानों में अहम भूमिका निभाई थी. कई पुलिसकर्मियों ने नक्सलियों और संगठित अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में साहस और बेहतर कार्य क्षमता दिखाई थी. इसी प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें पदोन्नति का लाभ दिया गया है. आदेश में कहा गया है कि बहादुरी से जुड़ी घटना की तारीख से संबंधित कर्मियों को नए पद की वरीयता मिलेगी. हालांकि, नए पद का बढ़ा हुआ वेतन उन्हें पदभार ग्रहण करने की तारीख से ही मिलेगा.
कई जिलों के हवलदार और आरक्षी भी हुए प्रोन्नत
प्रमोशन का लाभ सिर्फ दारोगाओं तक सीमित नहीं है. गुमला, सिमडेगा, खूंटी, हजारीबाग और रांची में तैनात कई हवलदार और आरक्षी भी पदोन्नत किए गए हैं. इनमें कुछ हवलदारों को एएसआई और आरक्षियों को हवलदार के पद पर प्रमोशन मिला है. कुछ पुलिसकर्मियों को पुराने प्रभावी तारीख से पदोन्नति और वरीयता का लाभ भी दिया गया है.