Ranchi News: JSSC CGL परीक्षा रद्द किए जाने के फैसले के विरोध में मंगलवार को बड़ी संख्या में अभ्यर्थी और परीक्षा के माध्यम से विभिन्न सरकारी विभागों में नियुक्त कर्मचारी प्रोजेक्ट भवन के बाहर जुटे। भारी बारिश के बावजूद प्रदर्शनकारियों ने सरकार के फैसले के खिलाफ जोरदार विरोध जताया और पूरे मामले की CBI जांच कराने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि परीक्षा के माध्यम से सरकारी नौकरी हासिल कर सचिवालय और विभिन्न विभागों में सेवाएं दे रहे कर्मचारियों के सामने अब नौकरी के भविष्य को लेकर अनिश्चितता पैदा हो गई है। उनका आरोप है कि सरकार ने भीड़ के दबाव में आकर परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया है।
कल तक सचिवालय में थे, आज सड़क पर खड़े हैं कर्मचारी
प्रदर्शन में शामिल अभ्यर्थियों और कर्मचारियों ने सरकार के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि कल तक वे सचिवालय और सरकारी विभागों में अपनी सेवाएं दे रहे थे, लेकिन अब अपने भविष्य को लेकर सड़क पर प्रदर्शन करने को मजबूर हैं। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग की। उन्होंने कहा कि परीक्षा से जुड़े पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके और किसी भी निर्दोष अभ्यर्थी के भविष्य पर असर न पड़े।
प्रोजेक्ट भवन का मुख्य द्वार बंद, बारिश में भी जारी रहा प्रदर्शन
प्रदर्शन के दौरान प्रोजेक्ट भवन का मुख्य द्वार बंद रखा गया। इसके बाहर बड़ी संख्या में युवक-युवतियां बारिश के बीच मौजूद रहे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने मामले की CBI जांच कराने के साथ प्रभावित अभ्यर्थियों के भविष्य को सुरक्षित करने की मांग की। अभ्यर्थियों का कहना है कि परीक्षा रद्द करने के बजाय पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने सरकार से जल्द इस मुद्दे पर स्पष्ट निर्णय लेने की मांग की।