Ranchi Crime News: रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र में JPSC-JSSC Reform मंच के प्रदर्शन के दौरान हंगामे का मामला सामने आया है. चड़री तालाब के पास प्रदर्शन के दौरान दो गुटों के बीच विवाद हो गया. देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया. इस मामले में न्यू शास्त्री नगर, रातू रोड निवासी अंकिता वर्मा ने कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर BNS की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है. FIR संख्या 182/2026 बताई गई है.
प्रदर्शन के बीच महिला से मारपीट का आरोप
अंकिता वर्मा के अनुसार, घटना 21 अगस्त की शाम करीब 7 बजे की है. वह जेल चौक से मेन रोड स्थित फिरायालाल की ओर जा रही थीं. इसी दौरान JPSC-JSSC Reform मंच के कुछ लोग बैनर, झंडे और पुतले लेकर आगे बढ़ रहे थे. प्रदर्शनकारी सरकार के खिलाफ नारे लगा रहे थे. चड़री तालाब के पास प्रदर्शनकारियों का किसी दूसरे समूह से विवाद हो गया. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई.
महिला को दूसरे गुट का समझने का आरोप
शिकायतकर्ता का आरोप है कि भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें दूसरे गुट का सदस्य समझ लिया. इसके बाद उनके साथ गाली-गलौज की गई. अंकिता ने खुद को किसी भी समूह का हिस्सा नहीं बताया, लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद उनके साथ अभद्रता की गई. उन्होंने कपड़े फाड़ने और मारपीट करने का भी आरोप लगाया है. शोर सुनकर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें भीड़ से बचाया. शिकायतकर्ता के मुताबिक, इस घटना में उनके बाएं हाथ समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोट आई है.
कई लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत
अंकिता वर्मा ने अपनी शिकायत में कुछ लोगों के नाम भी बताए हैं. इनमें कुणाल कुमार, पियुष, रविन्द्र पासवान, चंडी तिवारी, चितरंजन कुमार, सौरभ, बिरेन्द्र प्रताप पटेल और सुमित शर्मा शामिल हैं. इसके अलावा कुछ अज्ञात लोगों का भी शिकायत में जिक्र किया गया है. शिकायतकर्ता ने कहा है कि कुछ आरोपियों को वह पहले से पहचानती हैं.
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. घटना के दौरान मौजूद लोगों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.