Akshaye Khanna Mahakali Movie: फिल्म महाकाली में अक्षय खन्ना एक नए और दमदार किरदार में नजर आएंगे. फिल्म में वह दैत्यगुरु शुक्राचार्य का रोल निभा रहे हैं. प्रशांत वर्मा और पूजा कोल्लुरु के बैनर तले बन रही इस फिल्म को लेकर अभी से चर्चा शुरू हो गई है. अक्षय खन्ना इससे पहले फिल्म धुरंधर में रहमान डकैत के किरदार में नजर आए थे. अब उनका नया रूप दर्शकों का ध्यान खींच रहा है.
लंबे बाल और दाढ़ी में दिखा नया लुक
फिल्म का पहला लुक सामने आ चुका है. इसमें अक्षय खन्ना लंबे बालों और दाढ़ी में दिखाई दे रहे हैं. उनका पूरा लुक काफी रहस्यमय नजर आ रहा है. उनका किरदार दैत्यगुरु शुक्राचार्य का है. कहानी में शुक्राचार्य को बहुत ज्ञानी और शक्तिशाली गुरु के तौर पर दिखाया गया है.
उषना से बने शुक्राचार्य
कथाओं के अनुसार शुक्राचार्य का बचपन का नाम उषना था. वह ऋषि भृगु के बेटे थे. उषना ने देवगुरु बृहस्पति के साथ शिक्षा ली थी. कहा जाता है कि वह बहुत बुद्धिमान थे. लेकिन देवताओं के गुरु के पद के लिए बृहस्पति को चुना गया. इसके बाद उषना ने स्वर्ग छोड़ दिया और असुरों का साथ देने लगे.
शिव की तपस्या से मिली बड़ी शक्ति
उषना ने असुरों की एक बड़ी कमजोरी देखी. युद्ध में मारे जाने के बाद असुर दोबारा जीवित नहीं हो सकते थे. इसी समस्या का हल खोजने के लिए उन्होंने भगवान शिव की कठिन तपस्या की. कथाओं के अनुसार उन्होंने कई साल तक कठोर साधना की. इसके बाद उन्हें मृत संजीवनी विद्या का ज्ञान मिला. इस विद्या की मदद से वह युद्ध में मारे गए असुरों को फिर से जीवित करने लगे.
अक्षय खन्ना के किरदार पर टिकी नजर
शुक्राचार्य की कहानी सिर्फ एक गुरु की कहानी नहीं है. उनका किरदार ज्ञान, अधिकार और अपने फैसलों के लिए लड़ने वाले व्यक्ति के रूप में भी देखा जाता है. फिल्म महाकाली में इसी कहानी को बड़े पर्दे पर दिखाने की कोशिश की जा रही है. अक्षय खन्ना इस भूमिका को किस तरह पर्दे पर पेश करते हैं, इसे लेकर दर्शकों में उत्सुकता है. फिल्म के पहले लुक के बाद उनके किरदार को लेकर चर्चा और बढ़ गई है.