Jamshedpur News: जमशेदपुर के सोनारी स्थित भूतनाथ मंदिर में सोमवार दोपहर पूजा करने पहुंची एक महिला के गले से चेन छिनतई का मामला सामने आया है. महिला के अनुसार, घटना दोपहर करीब 12 बजे की है. चेन की कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है.
खाटू श्याम मंदिर के बाद पहुंची थीं भूतनाथ मंदिर
पीड़िता रीना चौधरी ने बताया कि वह अपनी एक फ्रेंड के साथ करीब पौने 12 बजे मंदिर पहुंची थीं. सबसे पहले दोनों खाटू श्याम मंदिर गईं. वहां दर्शन करने के बाद वे भूतनाथ मंदिर में भगवान शिव को जल चढ़ाने के लिए पहुंचीं.

भीड़ के बीच महिलाओं ने बनाया घेरा
पीड़िता के मुताबिक, मंदिर में प्रवेश करने के कुछ देर बाद तीन महिलाएं और तीन पुरुष उनके पीछे से आए. इनमें से एक महिला ने उन्हें और उनकी फ्रेंड को अलग कर दिया. इसके बाद महिला ने दोनों तरफ से उन्हें इस तरह घेर लिया कि उन्हें कुछ समझ नहीं आया. पीड़िता का कहना है कि उस समय उन्हें लगा कि सोमवार होने के कारण मंदिर में काफी भीड़ है. इसी वजह से उन्होंने किसी पर शक नहीं किया और पूजा करने में लग गईं.
पूजा के बाद पता चला चेन गायब है
पीड़िता के अनुसार, पूजा करने के बाद जब वह मंदिर से बाहर निकलने लगीं, तभी उन्होंने अपना पल्लू ठीक किया. इसी दौरान उनकी फ्रेंड ने बताया कि गले की चेन दिखाई नहीं दे रही है. इसके बाद उन्होंने आसपास देखा तो चेन गायब थी. पीड़िता का कहना है कि मंदिर में प्रवेश करते समय चेन उनके गले में साफ दिखाई दे रही थी. उन्हें आशंका है कि इसी दौरान आरोपियों ने चेन पर नजर रखी होगी.

CCTV में दिखी संदिग्ध गतिविधि
घटना की जानकारी मिलने के बाद CCTV फुटेज भी देखा गया. पीड़िता के मुताबिक, फुटेज में कुछ लोगों की गतिविधियां दिखाई दे रही हैं. उन्होंने बताया कि पीछे से आए लोगों ने उन्हें घेरकर काफी दबाव बनाया था. इसी दौरान चेन निकालकर ले जाने की आशंका है.
सोनारी पुलिस को दी गई सूचना
पीड़िता ने बताया कि घटना की जानकारी सोनारी थाना पुलिस को दे दी गई है. पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ले रही है और CCTV फुटेज की भी जांच की जा रही है. फिलहाल चेन चोरी करने वाले लोगों की पहचान और गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.