JSCA AGM 2026: रांची में रविवार को JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) की वार्षिक आमसभा आयोजित हुई. बैठक में राज्यभर से करीब 400 सदस्य शामिल हुए. JSCA अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव ने AGM की अध्यक्षता की.
बैठक में एसोसिएशन के पिछले एक साल के कामकाज और वित्तीय मामलों पर चर्चा हुई. सदस्यों ने पिछली वार्षिक आमसभा के साथ 25 अगस्त 2026 को हुई विशेष आमसभा की कार्यवाही को भी मंजूरी दे दी. इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2025-26 का ऑडिटेड लेखा-जोखा सर्वसम्मति से पारित किया गया.
AGM में झारखंड हाईकोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश जस्टिस वीरेंद्र सिंह को JSCA का लोकपाल यानी Ombudsman नियुक्त किया गया. उन्हें एथिक्स ऑफिसर की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है.
JSCA की टीम की उपलब्धियों का रखा गया ब्यौरा
बैठक के दौरान JSCA के मानद सचिव सौरभ तिवारी ने पिछले एक साल में राज्य के खिलाड़ियों और टीमों की उपलब्धियों की जानकारी सदस्यों के सामने रखी. उन्होंने बताया कि JSCA की टीम ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया. बैठक में आगामी क्रिकेट सत्र के लिए पुरुष और महिला टीमों के चयनकर्ताओं के नामों की भी घोषणा की गई.
प्रबंधन समिति के फैसलों को भी मिली मंजूरी
AGM में पिछले एक साल के दौरान JSCA की प्रबंधन समिति की ओर से लिए गए कई फैसलों पर भी चर्चा हुई. सदस्यों ने इन फैसलों को मंजूरी दे दी. इसी क्रम में एस.बी. सिंह की JSCA सदस्यता समाप्त करने के प्रबंधन समिति के फैसले को भी सदस्यों की स्वीकृति मिल गई. बैठक में JSCA उपाध्यक्ष संजय पांडेय, मानद सचिव सौरभ तिवारी, कोषाध्यक्ष अमिताभ घोष और संयुक्त सचिव शाहबाज नदीम समेत प्रबंधन समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे.