Ranchi News: रांची के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में आदिवासी एकता महाजुटान का आयोजन किया गया. इस रैली में झारखंड के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग पहुंचे. मोरहाबादी मैदान में जुटी भीड़ ने कार्यक्रम को बड़े जनसमागम में बदल दिया. दूर-दराज के इलाकों से भी लोग रैली में शामिल होने के लिए पहुंचे.
परिसीमन को लेकर केंद्र पर निशाना
रैली को संबोधित करते हुए झारखंड के पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने प्रस्तावित परिसीमन को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि अगर परिसीमन में जनसंख्या के आधार पर आदिवासी आरक्षित सीटों की संख्या कम करने की कोशिश हुई, तो इसका पुरजोर विरोध किया जाएगा. बंधु तिर्की ने कहा कि आदिवासी समाज अपने अधिकारों और राजनीतिक प्रतिनिधित्व से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं करेगा.

खान-खनिज संशोधन विधेयक पर चेतावनी
पूर्व मंत्री ने खान और खनिज से जुड़े प्रस्तावित संशोधन विधेयक को लेकर भी केंद्र सरकार को चेतावनी दी. उन्होंने कहा कि अगर यह विधेयक वापस नहीं लिया गया, तो आने वाले समय में आदिवासी समाज बड़े स्तर पर आंदोलन कर सकता है. बंधु तिर्की ने आर्थिक नाकाबंदी की संभावना का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि आज की रैली में दिखाई दी एकजुटता से आगे के आंदोलन की ताकत का अंदाजा लगाया जा सकता है.
RSS के एजेंडे को लेकर भी बयान
रैली के दौरान बंधु तिर्की ने झारखंड में RSS के कथित एजेंडे को लेकर भी तीखी टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि राज्य में ऐसे किसी भी एजेंडे को स्वीकार नहीं किया जाएगा, जिसे आदिवासी हितों के खिलाफ माना जाता है. महाजुटान के जरिए आदिवासी समाज की एकजुटता, अधिकारों और राजनीतिक प्रतिनिधित्व से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया.