Dhanbad News: बरवाअड्डा थाना परिसर में हुए विवाद के मामले में डुमरी विधायक और JLKM अध्यक्ष जयराम महतो की अग्रिम जमानत याचिका पर अब मंगलवार को सुनवाई होगी। विधायक के अलावा सुशील मंडल उर्फ सुशील कुमार, महेंद्र साव और राजकुमार मंडल ने भी अग्रिम जमानत के लिए अदालत का रुख किया है। सोमवार को तीनों आरोपियों की याचिकाएं सुनवाई के लिए MP-MLA की विशेष अदालत में ट्रांसफर कर दी गईं।
मामला 21 अगस्त को बरवाअड्डा थाना परिसर में हुए विवाद से जुड़ा है। इससे पहले बड़ा पिछरी पंचायत की मुखिया यशोदा देवी ने JLKM नेता गणेश दास पर फर्जी पैड, मुहर और हस्ताक्षर के इस्तेमाल का आरोप लगाया था। शिकायत के बाद पुलिस गणेश दास को नोटिस देने उनके घर पहुंची थी। इस दौरान पुलिस और गणेश दास के बीच कथित तौर पर विवाद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर जेल भेज दिया।
गणेश दास की गिरफ्तारी के बाद थाना परिसर में हुआ था विवाद
गणेश दास की गिरफ्तारी के विरोध में 21 अगस्त को बरवाअड्डा थाना परिसर में जयराम महतो और मुखिया समर्थकों के बीच विवाद हो गया था। इस दौरान तीखी बहस और हाथापाई की स्थिति भी बनी थी।
घटना के बाद पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज की। थाना प्रभारी की शिकायत पर दर्ज दूसरी एफआईआर में जयराम महतो के अलावा 10 नामजद और 40-50 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। इन सभी पर सरकारी काम में बाधा डालने समेत अन्य आरोप लगाए गए हैं।
ऑडियो वायरल होने के बाद भी बढ़ा विवाद
विधायक जयराम महतो और थाना प्रभारी के बीच हुई बातचीत का एक ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। जयराम महतो ने आरोप लगाया है कि थाना प्रभारी ने ऑडियो को एडिट कर वायरल किया। उन्होंने पूरे ऑडियो को सार्वजनिक करने की मांग की थी।
अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान अदालत ने केस डायरी तलब की है। अब MP-MLA की विशेष अदालत मंगलवार को मामले की सुनवाई करेगी। अदालत के फैसले पर विधायक समेत अन्य आरोपियों की अग्रिम जमानत को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।