RIMS Ranchi: रिम्स में MBBS के नए बैच की पढ़ाई शुरू करने की तैयारी पूरी हो गई है. राज्य कोटे की सीटों पर एडमिशन के बाद अब सेंट्रल कोटे की सीटों की प्रक्रिया चल रही है. सब कुछ तय कार्यक्रम के मुताबिक रहा तो 15 सितंबर से नए छात्रों की नियमित कक्षाएं शुरू हो जाएंगी.
नए बैच की पढ़ाई शुरू होने से पहले छात्रों को करीब दो सप्ताह का फाउंडेशन कोर्स कराया जाएगा. इसमें उन्हें मेडिकल कॉलेज की व्यवस्था, पढ़ाई के तरीके और जरूरी नियमों से परिचित कराया जाएगा. NMC के निर्देशों के अनुसार नए सत्र की शैक्षणिक गतिविधियां तय समय पर शुरू करने की तैयारी है.
पहली बार 250 MBBS सीटों पर एडमिशन
इस साल रिम्स में MBBS की सीटें बढ़कर 250 हो गई हैं. संस्थान के इतिहास में पहली बार इतनी सीटों पर विद्यार्थियों का नामांकन लिया जा रहा है. 250 सीटों के साथ रिम्स झारखंड का पहला और एकमात्र मेडिकल कॉलेज बन गया है, जहां MBBS की इतनी सीटें उपलब्ध हैं.
सेंट्रल कोटे की प्रक्रिया जारी
पहले चरण में राज्य कोटे से चयनित विद्यार्थियों का नामांकन पूरा हो चुका है. अब सेंट्रल कोटे की सीटों पर एडमिशन की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है. नामांकन की बाकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद 15 सितंबर से नए बैच की नियमित पढ़ाई शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है.