Ranchi News: राजधानी रांची में चतरा के लोजपा (रामविलास) विधायक जनार्दन पासवान के बेटे सौरभ कुमार के साथ मारपीट और कथित तौर पर जबरन वाहन में ले जाने का मामला सामने आया है। घटना 7 सितंबर की शाम करीब 4 बजे विधानसभा थाना क्षेत्र स्थित Amity University के बाहर की बताई जा रही है। सूचना मिलने के करीब दो घंटे के भीतर पुलिस ने सौरभ को सकुशल बरामद कर लिया।
यूनिवर्सिटी के बाहर विवाद के बाद बढ़ा मामला
जानकारी के अनुसार, सौरभ कुमार अपने दोस्तों अमरदीप दुबे, अनमोल और रविशंकर के साथ यूनिवर्सिटी गेट के पास मौजूद थे। इसी दौरान एक जूनियर छात्र लक्की राज के साथ अमरदीप की बहस हो गई।
आरोप है कि विवाद के बाद लक्की राज ने फोन कर कुछ युवकों को मौके पर बुलाया। कुछ ही देर में दो काले रंग की स्कॉर्पियो से करीब 10 से 12 युवक वहां पहुंचे।
मारपीट के बाद सौरभ को गाड़ी में बैठाने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, मौके पर पहुंचे युवकों ने सौरभ और उनके दोस्तों के साथ मारपीट की। इस दौरान अनमोल को धक्का देकर गिराने का भी आरोप है। वहीं, सौरभ कुमार को कथित तौर पर जबरन स्कॉर्पियो में बैठाकर वहां से ले जाया गया।
सौरभ ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि वाहन में ले जाते समय उनका गला दबाया गया। उन्होंने मोबाइल फोन और करीब 20 ग्राम वजन की सोने की चेन छीने जाने की बात भी कही है।
CCTV और तकनीकी जांच से पुलिस ने लगाया सुराग
घटना की सूचना मिलने के बाद विधानसभा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से संदिग्ध वाहन और उसमें सवार लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई।
पुलिस की कार्रवाई के करीब दो घंटे के भीतर सौरभ कुमार को बरामद कर लिया गया। फिलहाल घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।
9 लोगों के खिलाफ नामजद मामला
घटना को लेकर दर्ज प्राथमिकी में लक्की राज, आयुष मिश्रा, प्रकाश कुमार, रौनक सिंह, प्रीतम सिंह, राहुल बनिया, बाबू साहेब आयुष, शौर्या राज और रोहित सिंह उर्फ तोता को नामजद किया गया है।
लक्की राज को पुलिस के एक दरोगा का बेटा बताया जा रहा है। पुलिस अन्य संदिग्ध युवकों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।
समझौते की कोशिश विफल होने के बाद FIR
बताया जा रहा है कि घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौते की कोशिश की गई थी। बात नहीं बनने के बाद मंगलवार देर शाम विधानसभा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। पुलिस ने BNS की धारा 140(3), 127(2), 115(2), 351(2), 352 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम, आरोपों और नामजद आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।