Jamshedpur News: जमशेदपुर में औद्योगिक सुरक्षा और मजदूरों के अधिकारों को लेकर एटक लीगल सेल ने चिंता जताई है. गुरुवार को बंगाल क्लब में हुई प्रेस वार्ता में संगठन ने ठेका मजदूरों के वेतन, रोजगार रिकॉर्ड, सामाजिक सुरक्षा और कार्यस्थल की सुरक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग की. इस दौरान 21 जून के टाटा स्टील कलर्स हादसे का भी मुद्दा उठाया गया.
21 जून के हादसे का किया जिक्र
लीगल सेल के सचिव गिरीश कुमार सिंह ने टाटा स्टील कलर्स, जिसे ब्लूस्कोप के नाम से भी जाना जाता है, में 21 जून को हुई दुर्घटना का उल्लेख किया. उनके मुताबिक, हादसे में एक ठेका मजदूर का हाथ कोहनी के नीचे से कट गया था. एटक ने इलाज के साथ वैधानिक मुआवजा, सामाजिक सुरक्षा और पुनर्वास का अधिकार सुनिश्चित करने की मांग की.
रिकॉर्ड और सुरक्षा ऑडिट की मांग
लीगल सेल के अध्यक्ष और वरिष्ठ अधिवक्ता दिलीप कुमार महतो ने कहा कि ठेका श्रमिकों से जुड़े वेतन, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा के रिकॉर्ड में पारदर्शिता जरूरी है. एटक कोल्हान प्रमंडल के महासचिव अम्बुज ठाकुर ने औद्योगिक प्रतिष्ठानों और ठेका एजेंसियों के रिकॉर्ड की जांच के साथ सुरक्षा मानकों के नियमित ऑडिट की मांग की.
इन बिंदुओं पर जांच की मांग
एटक ने हादसे की निष्पक्ष जांच के अलावा वैधानिक रिपोर्टिंग, मशीनरी और सुरक्षा व्यवस्था की जांच की मांग रखी. संगठन ने ठेकेदार के लाइसेंस, नियुक्ति और वेतन रिकॉर्ड, ESI-PF, मुआवजा तथा घायल मजदूर के पुनर्वास से जुड़े पहलुओं की भी जांच की मांग की.
समाधान नहीं हुआ तो कानूनी कार्रवाई
एटक ने कहा कि यदि मामले में उचित समाधान नहीं होता है तो संगठन श्रम विभाग और न्यायिक मंचों का रुख करेगा. प्रेस वार्ता में एटक संरक्षक बीरेंद्र कुमार सिन्हा, उप महासचिव हीरा अटकने, उपाध्यक्ष धनंजय शुक्ला, लीगल सेल उपाध्यक्ष शशि भूषण कुमार और सह सचिव सूरज कुमार मौजूद रहे.