Chaibasa News: आगामी वेस्ट सिंहभूम टी-20 टूर्नामेंट के खिलाड़ियों की अंतिम ऑक्शन सूची को लेकर स्थानीय खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों के बीच सवाल उठने लगे हैं. टूर्नामेंट की संभावित तिथि 22 सितंबर रखी गई है, जबकि खिलाड़ियों का ऑक्शन 12 सितंबर को होना है. इससे पहले 9 सितंबर को जारी अंतिम ऑक्शन सूची में कुछ ऐसे खिलाड़ियों के नाम शामिल किए गए हैं, जो चाईबासा के स्थानीय नहीं बताए जा रहे हैं.
पहले जारी सूची में केवल चाईबासा के खिलाड़ी थे शामिल
टूर्नामेंट के लिए पहले से तय नियमों में केवल चाईबासा के खिलाड़ियों को शामिल करने का उल्लेख था. इसी आधार पर पहले जारी ऑक्शन सूची में भी सिर्फ स्थानीय खिलाड़ियों के नाम शामिल किए गए थे.
लेकिन अंतिम सूची में राज्य स्तर और रणजी ट्रॉफी स्तर के खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है. इनमें कई खिलाड़ी चाईबासा के स्थानीय नहीं हैं. सूची में हुए इस बदलाव को लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
स्थानीय खिलाड़ियों के अवसर कम होने की आशंका
स्थानीय खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों का कहना है कि राज्य और रणजी स्तर के अनुभवी खिलाड़ियों के शामिल होने से जिला और स्थानीय स्तर के उभरते खिलाड़ियों के चयन की संभावना प्रभावित हो सकती है. उनका सवाल है कि अगर बाहरी खिलाड़ियों को टूर्नामेंट में शामिल किया जाना था, तो पहले जारी नियमों और ऑक्शन सूची में इसकी जानकारी स्पष्ट रूप से क्यों नहीं दी गई.
स्थानीय खिलाड़ियों ने नियमों में बदलाव के आधार और अंतिम सूची में शामिल खिलाड़ियों की पात्रता को लेकर भी स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है.
12 सितंबर को होने वाले ऑक्शन से पहले खिलाड़ियों की मांग है कि आयोजक पूरे मामले पर स्पष्ट जानकारी दें और पात्रता से जुड़े नियम सार्वजनिक करें. साथ ही ऑक्शन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखते हुए स्थानीय प्रतिभाओं को निष्पक्ष अवसर सुनिश्चित करने की मांग की गई है.