Dhanbad Breaking: धनबाद के वासेपुर में सोमवार सुबह गोलीबारी की घटना से हड़कंप मच गया. भूली मोड़ टेंपो स्टैंड के पास बाइक सवार दो युवकों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी. इस घटना में फहीम खान के भाई शानू खान समेत तीन लोग घायल हुए हैं. घायलों में एक महिला भी शामिल है.
लाल बाइक से आए थे हमलावर
घटना सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है. उस समय शानू खान भूली मोड़ के पास कुछ लोगों से बातचीत कर रहे थे. इसी दौरान लाल रंग की बाइक पर दो युवक पहुंचे. दोनों ने वहां पहुंचते ही फायरिंग शुरू कर दी. गोली चलाने के बाद दोनों बाइक सवार हरि मोड़ की तरफ भाग निकले.
शानू को एक और सद्दाम को दो गोलियां लगीं
गोलीबारी में शानू खान की बांह में एक गोली लगी है. वहीं भूली मोड़ के चतरा स्टोर संचालक सद्दाम को दो गोलियां लगी हैं. एक महिला भी गोली लगने से घायल हुई है. तीनों को पहले नामधारी अस्पताल ले जाया गया. प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने तीनों को धनबाद पीएमसीएच रेफर कर दिया. फिलहाल तीनों का इलाज चल रहा है.
एक साल पहले भी शानू पर हुई थी फायरिंग
शानू खान पर करीब एक साल पहले भी अलीनगर के पास गोली चली थी. उस घटना में वह बाल-बाल बच गए थे. बताया जाता है कि शानू को पहले भी प्रिंस खान की ओर से जान से मारने की धमकी मिल चुकी है. अब दोबारा उन पर हमला होने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है.
CCTV से हमलावरों की तलाश
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस हमलावरों की पहचान के साथ उनके भागने के रास्ते का भी पता लगा रही है. गोलीबारी के बाद प्रिंस खान गिरोह से जुड़े पहलुओं को भी जांच के दायरे में रखा गया है.