Jamshedpur: उत्तरी बागबेड़ा पंचायत के नया बस्ती क्षेत्र में बीते एक महीने से चल रहे निःशुल्क श्रमिक (लेबर) कार्ड पंजीकरण शिविर का सफल समापन रविवार को हुआ। इस शिविर के माध्यम से सैकड़ों महिला एवं पुरुष मजदूरों ने अपना पंजीकरण करवाया और श्रमिक कार्ड प्राप्त किए।
समारोह के दौरान सैकड़ों तैयार श्रमिक कार्ड मजदूरों को वितरित किए गए। इस अवसर पर पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह, वर्तमान उपाध्यक्ष पंकज सिंहा, पूर्व जिला पार्षद किशोर यादव, पंचायत मुखिया गौरी टोप्पो, उपमुखिया मुकेश सिंह और समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने संयुक्त रूप से कार्ड वितरण में भाग लिया। इनके साथ प्रदीप ठाकुर, विशाल, साजन कुमार, अमन, आनंद, बबलू साहू, दीपक सिंह, दिनकर, सोनू दास और कुंदन ने शिविर को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।
अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि श्रमिक कार्ड मिलने से मजदूरों को झारखंड सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिलेगा, जिससे उनका सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण होगा।
पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि श्रमिक कार्ड बनवाने के लिए लाभार्थियों को आधार कार्ड, बैंक पासबुक की प्रति, पासपोर्ट साइज फोटो, नॉमिनी का आधार कार्ड व बैंक विवरण प्रस्तुत करना होता है।
जो श्रमिक अब तक इस शिविर से वंचित रह गए हैं, उनके लिए आगे भी पंचायत स्तर पर पंजीकरण शिविरों का आयोजन किया जाएगा ताकि कोई भी श्रमिक लाभ से वंचित न रहे।
श्रमिक कार्ड धारकों को सरकार द्वारा सामाजिक सुरक्षा, आर्थिक सहायता, स्वास्थ्य सुविधाएं, छात्रवृत्ति, मातृत्व लाभ जैसी अनेक योजनाओं का लाभ मिलता है। यह कार्ड असंगठित क्षेत्र के मजदूरों के लिए आत्मनिर्भरता और अधिकारों की दिशा में एक अहम कदम है।