Jamshedpur: टाटानगर रेलवे स्टेशन की पार्किंग व्यवस्था में लगातार मिल रही शिकायतों को लेकर प्रभारी एसएसपी सह रेल एसपी ऋषभ गर्ग ने बुधवार को प्लेटफॉर्म सुरक्षा और पार्किंग की स्थिति का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पार्किंग कर्मियों की मनमानी पर उन्हें फटकार लगाया और जीआरपी को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
पार्किंग की जिम्मेदारी नई एजेंसी को मिलने के बाद से ड्रॉपिंग लाइन में मनमाने ढंग से शुल्क वसूली और यात्रियों या उनके परिजनों के साथ दुर्व्यवहार की लगातार शिकायतें सामने आ रही थीं। विरोध करने पर पार्किंग स्टाफ द्वारा मारपीट की घटनाएं भी हो रही थीं। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभारी एसएसपी खुद स्टेशन पहुंचे।
निरीक्षण के दौरान जब पार्किंग ठेकेदार को बुलाया गया तो वह मौके पर मौजूद नहीं था। इस पर प्रभारी एसएसपी ने चाईबासा बस स्टैंड समेत अन्य क्षेत्रों में खड़े वाहनों से अवैध वसूली पर रोक लगाने और जीआरपी को सतर्क निगरानी के निर्देश दिए। पार्किंग की मनमानी से तंग आकर अब यात्री प्लेटफॉर्म से दूर वाहन खड़ा करने को मजबूर हो रहे हैं।
आरपीएफ पर उठे सवाल, कांड्रा निवासी ने की शिकायत
सोमवार रात चाईबासा बस स्टैंड में पार्किंगकर्मियों द्वारा अवैध वसूली की शिकायत के बावजूद आरपीएफ और जीआरपी द्वारा कोई कार्रवाई न करने पर कांड्रा निवासी आशुतोष वर्मा ने प्रभारी एसएसपी को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की थी। आशुतोष ने आरोप लगाया कि पार्किंग कर्मियों ने गाली-गलौज करते हुए दो हजार रुपये की मांग की, जिसके बाद उन्होंने किसी तरह एक हजार रुपये देकर अपनी गाड़ी छुड़ाई।
डीआरएम को भेजा सुझाव पत्र
पार्किंग अव्यवस्था पर नियंत्रण को लेकर प्रभारी एसएसपी ने चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हरिया को पत्र भेजा है। इसमें स्टेशन पार्किंग में इलेक्ट्रॉनिक बैरियर लगाने, सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और कंप्यूटराइज्ड रसीद सिस्टम लागू करने का सुझाव दिया गया है, ताकि यात्रियों और उनके परिजनों को राहत मिल सके।
सीसीटीवी कैमरे और ड्रेस कोड का आदेश
रेलवे प्रशासन ने पार्किंग क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक बैरियर के लिए ठेकेदार को बिजली कनेक्शन प्रदान कर दिया है। साथ ही, बुधवार से पार्किंग क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम शुरू हो गया है। करीब 10 दिन पहले सीनियर डीसीएम आदित्य चौधरी ने निरीक्षण के दौरान यह निर्देश दिए थे। आरपीएफ ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पार्किंगकर्मी यूनिफॉर्म में रहें, कैमरे लगाएं और पार्किंग क्षेत्र के बाहर किसी भी तरह की वसूली न करें।
पार्किंग में अव्यवस्था और यात्रियों की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने कार्रवाई की शुरुआत कर दी है। यदि आगे भी शिकायतें मिलती हैं तो और कड़ी कार्रवाई तय मानी जा रही है।