Ranchi News: काके थाना क्षेत्र अंतर्गत टेंडर ग्राम में शनिवार की रात एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई। एक युवक ने घर में घुसकर एक युवती पर लिक्विड अटैक किया, जिससे उसका चेहरा बुरी तरह झुलस गया। स्थानीय लोगों ने घायल अवस्था में युवती को अस्पताल पहुंचाया, जहां वरिष्ठ चिकित्सक डॉ भारती कश्यप की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टर के अनुसार, युवती के चेहरे पर पेट्रोल जैसे किसी ज्वलनशील रसायन से हमला किया गया है, लेकिन राहत की बात यह है कि अब उसकी हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर है।
इस निर्मम हमले के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है और सभी आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और जांच में जुट गई है। छापेमारी कर आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।
यह घटना केवल एक युवती पर हमला नहीं, बल्कि समाज की सोच और महिलाओं की सुरक्षा पर गहरी चोट है। ऐसी घटनाएं हमें बार-बार यह सोचने पर मजबूर करती हैं कि क्या महिलाएं अपने ही घर में सुरक्षित हैं? प्रशासनिक कार्रवाई के साथ-साथ समाज को भी अब ऐसे अपराधों के खिलाफ खड़ा होना होगा।