Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2025-08-25

Jamshedpur BJP: पीएम मोदी के जन्मदिन से शुरू होगा भाजपा का सेवा पखवाड़ा, जमशेदपुर में हुई बैठक, सांसद विद्युत महतो का किया गया अभिनंदन

Jamshedpur: भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा मनाएगी। इसी कड़ी में सोमवार को भाजपा जमशेदपुर महानगर के जिला पदाधिकारियों और मोर्चा जिलाध्यक्षों की बैठक साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने की, जबकि सांसद विद्युत वरण महतो मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।


बैठक में सेवा पखवाड़ा को सफल बनाने को लेकर संगठन की रूपरेखा पर चर्चा की गई। जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीब, वंचित और शोषित वर्गों के उत्थान के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उनके जन्मदिन से शुरू होने वाला सेवा पखवाड़ा जनसेवा, सामाजिक उत्थान और राष्ट्रहित के कार्यक्रमों को समर्पित है।


सेवा पखवाड़ा के तहत जमशेदपुर महानगर में स्वच्छता अभियान, एक पेड़ माँ के नाम अभियान, रक्तदान व स्वास्थ्य शिविर, प्रदर्शनी, वोकल फॉर लोकल अभियान, प्रबुद्ध वर्ग संवाद और प्रधानमंत्री मोदी की जीवनी पर आधारित पुस्तकों का वितरण किया जाएगा। इसके अलावा सांसद खेल-कूद प्रतियोगिता का भी आयोजन होगा, जिसमें एथलेटिक्स, फुटबॉल, वॉलीबॉल, हॉकी, बॉक्सिंग, कुश्ती, बैडमिंटन, बास्केटबॉल और खो-खो जैसे खेल शामिल होंगे। प्रतियोगिताओं के लिए पंजीकरण 29 अगस्त से शुरू होगा।

वहीं, विकसित भारत चित्रकला प्रतियोगिता के अंतर्गत प्रतिभागी विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत और डिजिटल इंडिया जैसे विषयों पर अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। मोदी विकास मैराथन का भी आयोजन होगा, जिसे वोकल फॉर लोकल, स्वच्छ भारत और नशा मुक्त भारत अभियानों से जोड़ा जाएगा। 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती और 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री जयंती के मौके पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

बैठक के अंत में जिलाध्यक्ष ने अधिक से अधिक जनता की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया और प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान जय जवान-जय किसान-जय विज्ञान-जय अनुसंधान को घर-घर तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया।

सांसद विद्युत महतो का हुआ अभिनंदन
बैठक के दौरान जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो को चौथी बार संसद रत्न पुरस्कार से सम्मानित किए जाने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया। जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा के नेतृत्व में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर और मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं।

सांसद महतो ने इस सम्मान को जमशेदपुर की जनता और कार्यकर्ताओं को समर्पित करते हुए कहा कि यह उपलब्धि जनता के आशीर्वाद और भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने आश्वस्त किया कि वे आगे भी निष्ठा और समर्पण के साथ जनहित के कार्यों में जुटे रहेंगे।

इस अवसर पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शैलेन्द्र सिंह, जिला पदाधिकारी प्रदीप महतो, संजीव सिंह, बबुआ सिंह, राजीव सिंह, अनिल मोदी, विजय तिवारी, शांति देवी समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।

Weather