Jamshedpur News: शुक्रवार को सिदगोड़ा टाउन हॉल में शुक्रवार को एक दिवसीय बहुदेशीय सहकारी समिति (लेम्प्स) सशक्तिकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया. इस कार्यशाला का उद्देश्य जिले के किसानों को आधुनिक खेती तकनीक, कम लागत में अधिक उत्पादन और लाभ अर्जित करने के उपायों से अवगत कराना था.
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित अपर उपायुक्त (एडीसी) भगीरथ प्रसाद ने कहा कि सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को संगठित किया जा सकता है. इससे न केवल उनकी उत्पादन क्षमता बढ़ेगी, बल्कि उन्हें बाजार में उचित मूल्य भी मिलेगा. उन्होंने किसानों से नकदी फसलों, बागवानी, औषधीय पौधों और डेयरी जैसे क्षेत्रों की ओर भी कदम बढ़ाने का आह्वान किया और आश्वासन दिया कि सहकारिता विभाग और लेम्प्स इस दिशा में सहयोगी की भूमिका निभाएंगे.
सहकारिता विभाग की पदाधिकारी आशा टोप्पो ने कहा कि लेम्प्स की भूमिका गांव-गांव तक पहुंचकर किसानों को सशक्त बनाने की है. उन्होंने किसानों को पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर वैज्ञानिक तकनीकों और योजनाओं से जुड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया.
कार्यशाला में रांची से आए कृषि विशेषज्ञ अधिकारियों ने किसानों को उन्नत बीज, मृदा परीक्षण, सिंचाई के बेहतर विकल्प, जैविक खाद और कीट प्रबंधन के बारे में विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने यह भी बताया कि किस तरह कम लागत में उच्च उत्पादन किया जा सकता है और बाजार तक सीधी पहुंच बनाकर बिचौलियों से छुटकारा पाया जा सकता है.
इस अवसर पर लेम्प्स के अध्यक्ष और उपाध्यक्षों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया. उन्हें निर्देशित किया गया कि वे अपने गांवों में किसानों तक सही जानकारी पहुंचाएं और खेती की नई तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित करें.
जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए किसानों ने बताया कि इस कार्यशाला से उन्हें खेती को लेकर नई जानकारी मिली है. खासकर कम लागत में आधुनिक खेती करने और अधिक मुनाफा कमाने के तरीकों के बारे में मिले सुझाव उनके लिए लाभकारी साबित होंगे.