Dhanbad Breaking: बीसीसीएल के मुनीडीह क्षेत्र में स्थित इंदू नामक आउटसोर्सिंग कंपनी के एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट गोपाल रेड्डी पर शनिवार सुबह अपराधियों ने गोलीबारी की. घटना मुनीडीह ओपी क्षेत्र के काली मंदिर के समीप हुई, जहां गोपाल रेड्डी पूजा के बाद अपनी कार में सवार होकर घर लौट रहे थे.
पुलिस के अनुसार, हमलावर ने हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल पर सवार होकर अचानक गोपाल रेड्डी की कार पर फायरिंग की. फायरिंग में एक गोली कार के आगे वाले हिस्से में फंसी, जबकि दूसरी गोली उनके जांघ में लगी. गोलीबारी के तुरंत बाद अपराधी मौके से फरार हो गए.
गोपाल रेड्डी को कार चालक ने तुरंत उनके आवास तक पहुंचाया और वहां से एंबुलेंस द्वारा धनबाद के असर्फी अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया. घटना के समय गोपाल रेड्डी काली मंदिर में पूजा कर रहे थे और कार की पिछली सीट पर बैठे थे.
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी नोसाद आलम सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचे. पुलिस ने चारों ओर से तलाशी अभियान शुरू कर दिया है और काली मंदिर के पास स्थित दुकानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
इंदू आउटसोर्सिंग कंपनी के अधिकारी और कर्मचारी भी घटना की सूचना मिलते ही मौके पर एकत्रित हो गए. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अपराधी किस रास्ते से फरार हुआ. घटना ने शहर में सनसनी फैला दी है और पुलिस ने अपराधियों को जल्द पकड़ने के लिए अभियान तेज कर दिया है.