Jamshedpur: घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में आगामी उपचुनाव-2025 के मद्देनजर जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने कॉपरेटिव कॉलेज का निरीक्षण किया। बता दे कि यह कॉलेज 45-घाटशिला विधानसभा क्षेत्र की सभी पोलिंग पार्टियों के लिए ईवीएम डिस्पैच और रिसिविंग सेंटर के रूप में काम करेगा।
निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देश
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कॉलेज परिसर में स्ट्रांग रूम के निर्माण, जरूरी बेरिकेडिंग, और पोलिंग पार्टियों की सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, चुनावी सामग्री का वितरण, ईवीएम और वीवीपैट का रख-रखाव, पोलिंग पार्टी और पदाधिकारी वाहनों की पार्किंग, और पेयजल, बिजली, शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया।
जिला पदाधिकारियों ने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि चिकित्सा सुविधा, हेल्प डेस्क, रिजर्व और माइक्रो ऑब्जर्वर टीम, मेडिकल टीम की बैठने की व्यवस्था सही ढंग से हो। निरीक्षण के दौरान पदाधिकारियों को आपसी समन्वय और सुचारू संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
उपस्थित अधिकारी के नाम
इस मौके पर सिटी एसपी कुमार शिवाशीष, डीटीओ धनंजय, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंचानन उरांव, भवन निर्माण विभाग के अभियंता, डीएसपी और थाना प्रभारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।