पुलिस ने बताया कि घटना की शुरुआत उस समय हुई जब वरीय पुलिस अधीक्षक रांची को सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति बुण्डू थाना क्षेत्र के ऐदलहातु स्थित एनएच-33 के किनारे सूर्य मंदिर तोरण द्वार के पास किसी को हथियार सप्लाई करने वाला है। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बुण्डू के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर घेराबंदी की। इसी दौरान एक व्यक्ति काला बैग लिए वहां पहुंचा। पुलिस को देखकर उसने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह जमशेदपुर में रहता है और नाम दशरथ शुक्ला है।
पुलिस द्वारा की गई तलाशी में दशरथ शुक्ला के कमर से एक लोडेड पिस्टल बरामद हुई। साथ ही उसके बैग से तीन लोडेड पिस्टल (7.65 बोर), दो मैगजीन, एक ओप्पो एफ-17 मोबाइल फोन, एक एप्पल आईफोन 13 मिनी और एक काला बैग बरामद किया गया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह सुजीत सिन्हा गिरोह के सदस्यों को ये हथियार सप्लाई करने आया था।
गिरफ्तार आरोपी दशरथ शुक्ला का अपराधिक इतिहास भी लंबा है। उस पर पूर्वी सिंहभूम जिले के गोलमुरी और साकची थानों में कई गंभीर मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, एससी/एसटी एक्ट, विद्युत अधिनियम, जुआ अधिनियम और सार्वजनिक संपत्ति नुकसान रोकथाम अधिनियम की धाराएँ शामिल हैं।
इस अभियान में बुण्डू के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ओम प्रकाश, थाना प्रभारी राम कुमार वर्मा सहित कई पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियारों की आपूर्ति किसे की जानी थी और सुजीत सिन्हा गिरोह से उसका कितना गहरा संबंध है।
बुण्डू थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में लगी है ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचा जा सके।
मिली खबरों और न्यूज़ 26 के सूत्रों के अनुसार, इस पूरे मामले में पुलिस कई अहम तथ्य और जानकारी जनता से छुपा रही है। बताया जा रहा है कि बरामद हथियारों, आरोपी की गिरोह से कनेक्शन और घटना के पीछे की पूरी सच्चाई को लेकर पुलिस ने पूरी तरह पारदर्शिता नहीं दिखाई है। कई अहम दस्तावेज़ और घटनाक्रम फिलहाल मीडिया और आम जनता के सामने नहीं आए हैं। ऐसे संकेत हैं कि निकट भविष्य में ये तथ्य सामने आएंगे और कई बड़े खुलासे होने की संभावना है।