Ghatshila By-Election: घाटशिला उपचुनाव में भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है. बुधवार की शाम प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन के समर्थन में जादूगोडा और माटीगोडा मुख्य बाजार में पदयात्रा की. पदयात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और जगह जगह उनका स्वागत किया गया. रघुवर दास के साथ जादूगोडा भाजपा चुनाव प्रभारी सुरेश साहू और गुरुचरण रजवाड मौजूद रहे. पदयात्रा राखा कॉपर अटक चौक पर समाप्त हुई जहां दुकानदारों ने बाहर निकलकर भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन को समर्थन देने का भरोसा दिलाया.
रघुवर दास ने व्यापारियों से बातचीत की और कहा कि भाजपा विकास के एजेंडा पर काम करती है. उन्होंने जनता से अपील की कि बाबूलाल सोरेन को भारी मतों से विजयी बनाएं. इस दौरान सुरेश साहू और गुरुचरण रजवाड ने कहा कि रघुवर दास की पदयात्रा से घाटशिला में राजनीतिक माहौल बदल चुका है और जनता बदलाव के मूड में है. उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान हेमंत सरकार राज्य की खनिज संपदा को लूटने में व्यस्त है. नेताओं ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने झारखंड राज्य का गठन किया था और भाजपा ही राज्य के विकास के प्रति समर्पित है.
पदयात्रा में भाजपा नेता गुंजन यादव, विभीषण सरदार, डॉ यूके लाल, मनोज प्रताप सिंह, रोहित सिंह, नूतनश्री दत्ता और हलधर दास समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल थे.
घाटशिला उपचुनाव भाजपा के लिए प्रतिष्ठा का विषय बन चुका है और पार्टी पुराने नेतृत्व को सक्रिय कर महौल साधने में जुटी है. रघुवर दास की पदयात्रा से कार्यकर्ताओं में जोश देखने को मिला. भाजपा इस चुनाव को सत्ता विरोधी लहर के इर्दगिर्द साधना चाह रही है जबकि जेएमएम अपने संगठनात्मक ढांचे और स्थानीय मुद्दों पर भरोसा कर रही है. आने वाले दिनों में दोनों दल चुनाव प्रचार में आक्रामक दिख सकते हैं और यह उपचुनाव राज्य की राजनीतिक दिशा के संकेत भी देगा.