Jamshedpur Rural Crime: बहरागोड़ा पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के एक मामले का खुलासा किया है. पुलिस ने खड़गपुर से आ रहे एक तस्कर को बहरागोड़ा बस स्टैंड से गिरफ्तार किया है, जिसके पास से 20 किलो से अधिक गांजा बरामद किया गया है.
जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि खड़गपुर की ओर से बस में एक व्यक्ति गांजा लेकर बहरागोड़ा बस स्टैंड आने वाला है. सूचना के आधार पर स्थानीय प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की योजना बनाई.
छापेमारी के दौरान बस स्टैंड पर एक संदिग्ध व्यक्ति बोरा लिए खड़ा दिखा. पुलिस को देखते ही वह घबरा गया और भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया. पूछताछ में उसने अपना नाम दीपेंद्र सोमानी बताया, जो पश्चिम बंगाल के खड़गपुर का निवासी है.
तलाशी के दौरान उसके पास से एक बोरा में 20 किलो 50 ग्राम गांजा पदार्थ बरामद हुआ. इसके अलावा एक रेडमी मोबाइल फोन और 540 रुपये नगद भी मिले, जिन्हें जब्त कर लिया गया. आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह यह गांजा खड़गपुर के दिवाकर दुबे नामक व्यक्ति से लेकर आया था और बहरागोड़ा बस स्टैंड पर घाटशिला के सुनील नाम के व्यक्ति को सौंपने वाला था.
पूर्वी सिंहभूम और सीमावर्ती क्षेत्रों में गांजा तस्करी लगातार बढ़ती जा रही है. खड़गपुर और बहरागोड़ा के बीच यह इलाका ड्रग सप्लाई रूट के रूप में सक्रिय बताया जा रहा है. सीमावर्ती जिले होने के कारण इस मार्ग का इस्तेमाल तस्कर लंबे समय से कर रहे हैं. हालिया कार्रवाई से स्पष्ट है कि पुलिस अब ऐसे नेटवर्क को तोड़ने के लिए सख्त रुख अपना रही है, लेकिन यह भी साफ है कि जमीनी स्तर पर निगरानी और खुफिया तंत्र को और मजबूत करने की जरूरत है ताकि इन अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके.