Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2025-11-13

Ranchi News: रांची मोरहाबादी मैदान में झारखंड स्थापना दिवस का भव्य समारोह की तैयारी अंतिम चरण पर, पहली बार होगा ड्रोन शो और झारखंड जतरा का आयोजन

Ranchi: झारखंड स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में 15 और 16 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस का भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। आयोजन की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। गुरुवार को गृह विभाग की प्रधान सचिव वंदना दादेल ने अधिकारियों के साथ मोरहाबादी मैदान का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

प्रधान सचिव ने कहा कि यह आयोजन झारखंड की गौरवशाली विरासत, संस्कृति और परंपरा को प्रतिबिंबित करेगा। उन्होंने सभी विभागों को कार्यों की समयबद्धता, गुणवत्ता, सुरक्षा, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की मौलिकता और जनसुविधा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान वाणिज्य कर सचिव अमिताभ कौशल, कल्याण सचिव कृपानंद झा, आईजी दक्षिणी छोटानागपुर मनोज कौशिक, आदिवासी कल्याण आयुक्त कुलदीप चौधरी, विशेष सचिव सह निदेशक आईपीआरडी राजीव लोचन बख्शी, उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

राज्यपाल होंगे मुख्य अतिथि

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 15 नवंबर को दोपहर 2 बजे से मोरहाबादी मैदान में मुख्य समारोह आयोजित होगा। इस अवसर पर राज्यपाल मुख्य अतिथि होंगे, जबकि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में कार्यक्रम संपन्न होगा। हजारों लोगों के शामिल होने की संभावना है।

पहली बार होगा ड्रोन शो

16 नवंबर को ऐतिहासिक “झारखंड जतरा” का आयोजन किया जाएगा। इसमें राज्यभर से 4000 से अधिक लोक कलाकार और 10 आकर्षक झांकियां भाग लेंगी। जतरा सुबह 10 बजे डोरंडा स्थित JAP-1 परिसर से शुरू होकर शहर के प्रमुख चौकों से होते हुए बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान तक जाएगी।

शाम 4 से 8 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जिनमें झारखंडी लोककला, नृत्य, संगीत और राज्य की प्रसिद्ध गायिकाओं का लाइव परफॉर्मेंस शामिल रहेगा। इस वर्ष राजधानी में पहली बार ड्रोन शो का आयोजन भी किया जाएगा, जो मुख्य आकर्षण रहेगा।

विशेष प्रदर्शनी बनेगी आकर्षण

मोरहाबादी मैदान में दो दिवसीय विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें झारखंड की विकास यात्रा और सांस्कृतिक धरोहर को प्रदर्शित किया जाएगा। प्रदर्शनी का प्रमुख आकर्षण भगवान बिरसा मुंडा और दिशोम गुरु शिबू सोरेन को समर्पित विशेष सेक्शन होगा।

इसके अलावा, 14 नवंबर को शहर के प्रमुख स्थलों पर कलाकार झारखंड की परंपरा और जनजीवन पर आधारित वॉल पेंटिंग्स बनाएंगे।

यातायात और जनसुविधा की विशेष व्यवस्था

एसएसपी राकेश रंजन ने बताया कि भीड़ प्रबंधन के लिए ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा। पार्किंग के लिए अलग-अलग स्थल निर्धारित किए गए हैं। साथ ही पेयजल, मोबाइल टॉयलेट, मेडिकल सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं ताकि आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !