Jharkhand News: झारखंड सरकार ने रजत जयंती के मौके पर किसानों के हित में एक बड़ा कदम उठाते हुए धान खरीद को लेकर महत्वपूर्ण घोषणा की है. खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने बताया कि इस बार किसानों का भुगतान एकमुश्त किया जाएगा, ताकि किश्तों में मिलने वाली रकम की देरी और बिचौलियों की दखलंदाजी से किसानों को राहत मिले. उन्होंने कहा कि केंद्र द्वारा तय किए गए एमएसपी 2369 रुपये प्रति क्विंटल के ऊपर राज्य सरकार लगभग 100 रुपये का बोनस देने जा रही है. इसका प्रस्ताव तैयार है और कैबिनेट की मंजूरी के बाद इसे लागू कर दिया जाएगा.
मंत्री ने जानकारी दी कि राज्य में कटनी का काम लगभग पूरा होने वाला है और 15 दिसंबर से पहले धान खरीद प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी. सभी जिला आपूर्ति पदाधिकारियों को साफ निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी स्थिति में धान को राज्य से बाहर भेजने की कोशिश या बिचौलियों की गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाए. सरकार का दावा है कि इससे किसानों को सीधे लाभ मिलेगा और भुगतान में पारदर्शिता रहेगी.
यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है जब किसानों को धान बिक्री और भुगतान में हर साल समस्याओं का सामना करना पड़ता है. एमएसपी पर बोनस जोडने का निर्णय किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में सकारात्मक कदम माना जा रहा है. एकमुश्त भुगतान व्यवस्था से किसानों को वित्तीय राहत मिलेगी और बिचौलियों की भूमिका कम होने की संभावना है. हालांकि बोनस पर अंतिम निर्णय कैबिनेट की मंजूरी पर निर्भर करेगा, इसलिए किसानों की नजर अब अगले मंत्रिमंडल की बैठक पर टिकी है.