Jamshedpur: जमशेदपुर के साकची बाजार में शनिवार को जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए जमशेदपुर नोटिफाइड एरिया कमिटी (JNAC) ने व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया. अभियान का नेतृत्व उप नगर आयुक्त कृष्णा कुमार ने किया, जो सुबह अपनी पूरी टीम के साथ साकची गोलचक्कर से आमबगान चौक तक निकले.
अभियान के दौरान सड़क किनारे लगे सभी ठेला-खोमचा, अवैध पार्किंग में खड़े वाहन, फुटपाथी दुकानें और दुकान के बाहर फैले सामानों को हटवाया. माइकिंग कर वाहन मालिकों को अपने वाहन हटाने की चेतावनी दी गई, लेकिन चेतावनी के बाद भी जब कई लोगों ने वाहन नहीं हटाए, तो पुलिस टीम ने ऐसे वाहनों के टायरों की हवा निकाल दी. साथ ही अनलॉक स्थिति में खड़ी बाइकों की भी हवा निकाली गई.
अभियान के दौरान कई ठेला-खोमचा को विभाग द्वारा जप्त किया गया और उन पर जुर्माना भी लगाया गया. कृष्णा कुमार ने बताया कि साकची में आए दिन जाम की स्थिति बन जाती है, जिसके कारण आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है. जाम के कारण एम्बुलेंस और अग्निशमन विभाग की गाड़ियों को भी आने-जाने में भी बहुत कठिनाइयां होती थी. इसी वजह से यह सख्त अभियान चलाया जा रहा है.
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कई बिल्डिंग मालिकों के पास निजी पार्किंग होने के बावजूद वह वाहन सड़क पर खड़े करते हैं. ऐसे सभी बिल्डिंग मालिकों को नोटिस जारी किया गया है.
JNAC अधिकारियों ने बताया कि अभियान खत्म होते ही कुछ ठेला-खोमचा दोबारा सड़क पर सजने लगे थे, जिन्हें फिर से हिदायत देकर हटाया गया. अधिकारियों ने कहा कि यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि साकची बाजार को जाम से मुक्त किया जा सके और आम जनता को सुगम यातायात मिले.