Baharagora Accident News: बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के एनएच-18 पर बुधवार को एक कार और ट्रेलर के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में रांची लौट रहे परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना काली मंदिर के पास हुई, जहां तेज रफ्तार में जा रही कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सामने चल रहे ट्रेलर में जा टकराई. टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
जानकारी के अनुसार रांची निवासी फरीन तालत, नौसीन तालत और मुसरफ अहमद कोलकाता से अपने पिता का इलाज कराकर रांची लौट रहे थे. परिवार एंबुलेंस और दो अन्य निजी वाहनों के साथ यात्रा कर रहा था. इसी दौरान हुंडई क्रेटा कार असंतुलित होकर ट्रेलर से जा टकराई. हादसे में कार सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
स्थानीय लोगों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहरागोड़ा भेजा गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया.
एनएच-18 पर भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण हादसों की संख्या बढ़ रही है. तेज रफ्तार और सड़क पर अचानक बदलती परिस्थितियां दुर्घटना का बड़ा कारण बन रही हैं. यह मामला भी लापरवाही और वाहन नियंत्रण खोने का परिणाम प्रतीत होता है. सड़क सुरक्षा और रफ्तार नियंत्रण पर कड़ाई की जरूरत लगातार महसूस की जा रही है.