Jamshedpur : साकची थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर में रहने वाले 56 वर्षीय व्यवसायी शंकर लाल अग्रवाल ने बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन में निवेश के नाम पर 1 करोड़ 25 लाख रुपये की ठगी का सनसनीखेज आरोप लगाते हुए साकची थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित का दावा है कि यह ठगी किसी बाहरी गिरोह ने नहीं बल्कि उनके ही पारिवारिक परिचितों ने सुनियोजित तरीके से की है।
शिकायत के अनुसार, वर्ष 2024 में उनके पुराने परिचित रमेश चंद्र अग्रवाल ने अपने बेटे अजय अग्रवाल द्वारा संचालित ग्रीन वाटिका बिल्डिंग प्रोजेक्ट में निवेश का प्रस्ताव रखा। कुछ दिनों बाद रमेश चंद्र, अजय अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, सोनम, सुमिता और गौरव अग्रवाल स्वयं शंकर लाल के घर पहुंचे और दावा किया कि वे पूरे झारखंड में कई बड़े रियल एस्टेट प्रोजेक्ट चला रहे हैं। निवेश करने पर फ्लैट और मुनाफा मिलने की बात कहकर उन्होंने भरोसा दिलाया।
पीड़ित के अनुसार, लगातार विश्वास दिलाए जाने पर 12 अप्रैल 2024 को उन्होंने अपने घर पर ही 1.25 करोड़ रुपये नकद उन्हें सौंप दिए। इसके बाद आदित्यपुर स्थित जमीन दिखाते हुए पांच फ्लैटों का विक्रय-करारनामा भी उनके नाम कर दिया गया। इस कारण पूरा प्रोजेक्ट वास्तविक प्रतीत हुआ।
लेकिन अप्रैल 2025 में जब वे निर्माण स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे, तो पाया कि जमीन पर किसी भी तरह का निर्माण कार्य शुरू ही नहीं हुआ था। पूछताछ करने पर आरोपी पैसे की कमी का बहाना बनाकर टालते रहे। इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि प्रोजेक्ट का मुख्य संचालक अजय अग्रवाल करोड़ों रुपये ठगकर फरार हो चुका है।
शंकर लाल का आरोप है कि जब उन्होंने बाकी परिजनों से पैसे लौटाने को कहा, तो उनके साथ गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी तक दी गई। मामला यहीं नहीं रुका, 25 अक्टूबर 2025 को राजेश और रमेश अग्रवाल उनके घर आए और उन्हें एक रसीद दी, जिसमें दावा किया गया कि पैसे बैंक से लौटा दिए गए हैं। लेकिन रसीद में गवाहों और स्वयं पीड़ित के हस्ताक्षर जाली पाए गए।
पीड़ित ने अजय, रमेश, राजेश, सोनम, सुमिता और गौरव अग्रवाल पर साजिश, धोखाधड़ी, जालसाजी और धमकी देने का आरोप लगाते हुए कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।