Ranchi: रांची का मोरहाबादी मैदान शुक्रवार को युवाओं की खुशियों से गुलजार रहा। हजारों की भीड़ के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 8,792 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपकर उनके जीवन की नई शुरुआत का रास्ता खोल दिया। उपसमाहर्ता, डीएसपी, काराधीक्षक, दंत चिकित्सक, शिक्षक और अन्य महत्वपूर्ण पदों पर चयनित युवाओं ने मंच पर पहुंचकर गर्व और खुशी के साथ अपनी उपलब्धियां साझा कीं।
“पारदर्शिता हमारी पहचान”- मुख्यमंत्री
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि उनकी सरकार ने रोजगार को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष 16,000 सरकारी पद भरे गए, जबकि 8,000 युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार मिला। 2020 से अब तक लगभग 24–25 हजार सरकारी और 28 हजार निजी नियुक्तियाँ पूरी की जा चुकी हैं।
विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग विकास में बाधा डालना चाहते हैं, लेकिन सरकार युवाओं की उम्मीदों के साथ खड़ी है। उन्होंने मंच से पूछा “क्या किसी ने पैसे या सिफारिश से नौकरी पाई है?” जिस पर मैदान से जोरदार आवाज आई- “नहीं!”
महिलाओं की बढ़ती भागीदारी
सीएम सोरेन ने महिलाओं की बढ़ती भागीदारी पर विशेष संतोष व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि मइयां सम्मान योजना ने 50 लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक मजबूती दी है।
साथ ही शिक्षक नियुक्ति में 40% और JPSC में 30% महिलाओं की सफलता झारखंड की बदलती तस्वीर का संकेत है।
शिक्षा क्षेत्र में तेजी से विस्तार
मुख्यमंत्री ने शिक्षा व्यवस्था के विस्तार पर कहा कि राज्य में नए संस्थानों का निर्माण जोर-शोर से हुआ है। अब तक 80 उत्कृष्ट विद्यालय,10 डिग्री कॉलेज,8 नर्सिंग कॉलेज, 6 मेडिकल कॉलेज, 6 इंजीनियरिंग कॉलेज तैयार हो चुके हैं। सरकार का दावा है कि इससे युवाओं के लिए अवसरों का दायरा व्यापक हुआ है।
सीएम का प्रेरक संदेश
नए पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि वह अपने-अपने जिलों में जाकर कम-से-कम एक युवा को प्रेरित करें और उसकी प्रगति में साथ दें। उन्होंने कहा, “यह रिश्ता सिर्फ नियुक्ति तक सीमित नहीं, बल्कि जीवनभर रहेगा।”
मंच पर सम्मानित युवा में शामिल लोग
उपसमाहर्ता: अभय कुजूर, बबीता सिंह
डीएसपी: आशीष अक्षर, अंकिता हेंब्रम
काराधीक्षक: राजेश रजक
शिक्षा सेवा: ऋति सुमन
जिला समादेष्टा: मोहम्मद अफरोज आलम
सहायक निबंधक: सरिता बारला
श्रम अधीक्षक: महफूज अहमद
प्रोबेशन पदाधिकारी: मनीला उरांव
उत्पाद निरीक्षक: विनय कुमार सिंह
दंत चिकित्सक: डॉ. सरिता महतो
कीटपालक: कौशल्या, कंचन कुमारी