Jharkhand News: रांची में राज्य पुलिस सेवा से 9 DSP को IPS रैंक में प्रोन्नत कर दिया गया है. संघ लोक सेवा आयोग की विभागीय पदोन्नति समिति द्वारा मंजूरी मिलने के बाद गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने इसकी अधिसूचना जारी की है. प्रोन्नति सूची जारी होने के साथ ही सभी अधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के अनुरूप पदनाम प्रदान कर दिया गया है.
सूची के अनुसार शिवेंद्र को चाईबासा में डीएसपी मुख्यालय के पद से आईपीएस रैंक में पदोन्नति मिली है. राधा प्रेम किशोर विशेष शाखा में डीएसपी पद पर कार्यरत हैं और उन्हें भी आईपीएस रैंक प्रदान किया गया है. मुकेश कुमार महतो जो फिलहाल पदस्थापन की प्रतीक्षा में हैं उन्हें भी प्रोन्नति दी गई है. जैप-8 में तैनात मजरूल होदा को भी आईपीएस रैंक मिला है. देवघर स्थित जैप-5 के प्रभारी समादेष्टा दीपक कुमार को प्रोन्नति सूची में स्थान दिया गया है.
झारखंड जगुआर के एडिशनल डीएसपी राजेश कुमार को भी आईपीएस रैंक में जगह मिली है. जैप-2 टाटीसिलवे में एडिशनल डीएसपी के रूप में कार्यरत अविनाश कुमार को प्रोन्नत किया गया है. झारखंड पुलिस अकादमी हजारीबाग में तैनात रोशन गुडिया को भी उच्च पद मिला है. सीसीआर के एडिशनल डीएसपी राम सामद को भी आईपीएस रैंक का लाभ प्रदान किया गया है.
विशेषज्ञों का मानना है कि लंबे समय से लंबित इस प्रोन्नति आदेश से पुलिस सेवा में उत्साह बढ़ेगा और वरिष्ठ अधिकारियों को नई ऊर्जा के साथ दायित्व निभाने का अवसर मिलेगा.