Jamshedpur Crime News: जमशेदपुर में बारीडीह से टिनप्लेट के बीच छिनतई की एक घटना सामने आई है. परसुडीह दुर्गा बाड़ी निवासी कैलाश नाथ शर्मा ने बताया कि वह अपनी पत्नी अनीता शर्मा के साथ शनिवार की रात ससुराल से लौट रहे थे. इसी दौरान पीछे से दो युवक आए और पत्नी के हाथ से पर्स छीनने का प्रयास किया. पर्स में मोबाइल फोन, 7 से 8 हजार रुपये और बैंक ऑफ़ बड़ौदा का पासबुक था. अचानक हुई घटना से घबराकर उनकी पत्नी ने बैग छोड़ दिया. इसके बाद दोनों युवक पर्स लेकर भागने लगे.
कैलाश नाथ शर्मा ने बताया कि वह कुछ दूर तक उनका पीछा भी कर रहे थे. तभी उनके बेटे ने आवाज लगाई कि मां सड़क पर गिर गई है. पीछे लौटकर देखा तो उनकी पत्नी सड़क पर गिरी हुई थीं और बोलने की स्थिति में नहीं थीं. मौके पर मौजूद लोगों ने मदद की और घायल महिला को तत्काल टिनप्लेट अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने लगे घावों का उपचार किया और जख्म पर स्टिच लगाया.
घटना के बाद शिकायतकर्ता ने अपने भाइयों को सूचना दी और गोलमुरी थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर छिनतई की जांच शुरू कर दी है.
जमशेदपुर में बढ़ती छिनतई की घटनाएं शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं. इस वारदात से साफ है कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. पुलिस के लिए चुनौती है कि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को चिन्हित किया जाए ताकि शहर में कानून व्यवस्था पर लोगों का भरोसा बना रहे.