Jamshedpur: टेल्को थाना क्षेत्र के जेम्को आज़ाद बस्ती से लक्ष्मीनगर की ओर जाने वाली मुख्य सड़क पर मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे बड़ा हादसा हो गया। टाटा मोटर्स की एक बस और बाइक के बीच हुई तेज़ टक्कर से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
टक्कर के बाद बाइक चला रहा युवक सड़क पर ही हंगामा करने लगा। उसकी इस हरकत से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लगभग आधे घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। तेज धूप और उमस की वजह से जाम में फंसे लोग काफी परेशान नज़र आए। कई राहगीर और वाहन चालकों को सड़क खुलने का इंतज़ार करना पड़ा।
स्थानीय लोगों के अनुसार बाइक सवार नशे में था और तेज़ रफ़्तार में लापरवाही से बाइक चला रहा था। घटना के बाद बाइक चालक बस चालक और आसपास मौजूद लोगों से उलझने लगा, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। विवाद को बढ़ता देख आस-पड़ोस के लोग भी जमा होने लगे और भीड़ बढ़ती गई। कुछ लोगों ने स्थिति शांत कराने की कोशिश की, लेकिन युवक लगातार हंगामा करता रहा।
इसी बीच सूचना मिलते ही टेल्को पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सबसे पहले जाम लगे वाहनों को व्यवस्थित किया और बस व बाइक को सड़क से हटवाया। थोड़ी देर में ट्रैफिक सामान्य कर दिया गया। हंगामा कर रहे युवक को पुलिस ने हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। पुलिस का कहना है कि युवक की मेडिकल जांच कराई जाएगी और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि जेम्को चौक से लक्ष्मीनगर तक जाने वाली सड़क पहले ही काफी तंग है। ऊपर से दुकानों और अतिक्रमण ने रास्ते को और छोटा बना दिया है। इसी मार्ग से टाटा मोटर्स के भारी वाहन, कंपनी की बसें और रोज़ाना हजारों लोग आते-जाते हैं। ऐसे में यहां अक्सर जाम लगता रहता है और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क का चौड़ीकरण किया।जल्द से जल्द किया जाए, अतिक्रमण हटाया जाए और ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार लाया जाए, ताकि ऐसे हादसों और जाम से राहत मिल सके।