Jharkhand: झारखंड सरकार ने धनबाद और जमशेदपुर के मेडिकल कॉलेजों में स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा के बड़े विस्तार की तैयारी शुरू कर दी है। शहीद निर्मल महतो मेमोरियल मेडिकल कॉलेज, धनबाद में एमबीबीएस सीटों को 100 से बढ़ाकर 250 करने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है। अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में अधिकारियों को तत्काल प्रगति रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया, ताकि निर्माण कार्य जल्द शुरू हो सके।
बढ़ी हुई सीटों के अनुरूप मेडिकल सुविधाओं को मजबूत करने के लिए 450 बेड वाले नये अस्पताल भवन निर्माण की योजना तैयार की गई है, जिसमें पुराने अस्पताल की मरम्मत, इमरजेंसी ब्लॉक का आधुनिकीकरण और एकेडमिक ब्लॉक को सुधारने जैसे कार्य शामिल हैं। नॉर्थ और साउथ कैंपस को एक रैंप के जरिए जोड़ने की भी योजना है। इस पूरे प्रोजेक्ट पर लगभग 700 करोड़ रुपये खर्च का अनुमान है।
इसी तरह जमशेदपुर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज में भी सीटों के बड़े विस्तार की घोषणा की गई है। कॉलेज में अब 250 अंडरग्रेजुएट सीटें, 150 पीजी सीटें और 30 सुपर स्पेशियलिटी सीटें उपलब्ध करायी जाएँगी। इसके अनुसार अस्पताल में बेड बढ़ाने, हॉस्टल निर्माण और अन्य सभी सुविधाओं को अपग्रेड किया जाएगा। दोनों मेडिकल कॉलेजों के हॉस्टल नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) की गाइडलाइन के अनुरूप बनाए जाएंगे, जिनमें यूजी, पीजी, जूनियर रेजिडेंट, सीनियर रेजिडेंट और नर्सिंग स्टाफ के लिए अलग आवासीय व्यवस्था होगी।
बैठक के दौरान स्वास्थ्य भवन निर्माण पर भी चर्चा हुई। डोरंडा कैंपस में 131 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक स्वास्थ्य भवन तैयार किया जाएगा, जिसमें सचिवालय, डायरेक्टरेट और विभागीय कार्यालयों को स्थानांतरित किया जाएगा। इन घोषणाओं के साथ झारखंड की मेडिकल व स्वास्थ्य सेवा संरचना को नई पहचान देने की दिशा में सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है।