Jharkhand News: आय से अधिक संपत्ति मामले में निलंबित IAS विनय कुमार चौबे की पत्नी स्वप्ना संचिता से एसीबी की टीम रविवार की सुबह उनके कांके रोड स्थित आवास पर पूछताछ कर रही है. इस कार्रवाई में एसीबी के डीआईजी, एसपी और अन्य अधिकारी मौजूद हैं. अधिकारियों की टीम एक बार फिर पूरे मामले से जुड़े वित्तीय लेनदेन और कथित संपत्ति निवेश की जानकारी जुटा रही है.
इससे पहले 3 दिसंबर को भी ACB की टीम स्वप्ना संचिता से उनके घर पर पूछताछ कर चुकी है. लगातार हो रही पूछताछ से यह साफ है कि एजेंसी इस मामले में परिवार के प्रत्येक सदस्य की भूमिका को लेकर विस्तृत जानकारी एकत्र कर रही है.
एसीबी ने 24 नवंबर को विनय चौबे के खिलाफ चौथी प्राथमिकी दर्ज की थी. इस एफआईआर में उनके रिश्तेदारों और विनय सिंह समेत सात लोगों के नाम शामिल हैं. सभी पर भ्रष्टाचार के माध्यम से भारी संपत्ति जुटाने के आरोप हैं.
प्राथमिकी में विनय चौबे के साथ उनकी पत्नी स्वप्ना संचिता, विनय सिंह और उनकी पत्नी संचिता सिंह को आरोपित बनाया गया है. इसके अलावा विनय चौबे के साले शिपिज त्रिवेदी, उनकी पत्नी प्रियांका त्रिवेदी और चौबे के ससुर एसएन त्रिवेदी का नाम भी शामिल है. आरोप है कि करोड़ों रुपये के फर्जी लेनदेन और परिवार के सदस्यों व कर्मचारियों के जरिये अवैध संपत्ति की हेराफेरी की गई.
विनय चौबे और विनय सिंह पहले से जमीन घोटाले और शराब से जुड़े मामलों में जेल में बंद हैं. एसीबी अब पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि अवैध संपत्ति का प्रवाह किन चैनलों से होता रहा था.
आय से अधिक संपत्ति का मामला संगठित नेटवर्क का जुड़ा है
ACB की लगातार बढ़ती कार्रवाई यह दिखाती है कि आय से अधिक संपत्ति का यह मामला केवल व्यक्तिगत स्तर तक सीमित नहीं है, बल्कि एक संगठित नेटवर्क के जरिये संचालित होता रहा है. पूछताछ में परिवार के कई सदस्यों के नाम आने से जांच की दिशा और व्यापक हो गई है. आने वाले दिनों में एसीबी की रिपोर्ट इस प्रकरण की गहराई और राजनीतिक व प्रशासनिक स्तर पर इससे जुड़े प्रभावों को और स्पष्ट कर सकती है.